- Advertisement -
शिमला। राजधानी में बर्फबारी की संभावना के बीच जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को लेकर अहम फैसला लिया है। जिला प्रशासन ने ऊपरी शिमला और कुफरी, फागू की तरफ सैलानियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात को एकतरफा किया है। अब ढली सुरंग से संजौली के बीच यातायात एक तरफा चलेगा। यानी संजौली से ढली की तरफ अब वाहन नहीं जा पाएंगे। इस दौरान केवल इमरजेंसी वाहन ही आ-जा सकेंगे। इस संबंध में डीसी शिमला रोहन चंद ठाकुर ने अपनी न्यायिक शक्तियों का प्रयोग करते हुए आदेश जारी किया है।
रोहन चंद ठाकुर ने इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी है। इसके मुताबिक ढली सुरंग से संजौली चौक तक यातायात एकतरफा रहेगा। संजौली से ढली के लिए वाहनों को ढली बाईपास से होकर जाना होगा। यह आदेश तब तक लागू रहेंगे, जब तक बर्फबारी के चलते प्रभावित हो रही यातायात व्यवस्था पूरी तरह बहाल नहीं हो जाती। जिला न्यायिक दंडाधिकारी शिमला ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 1988 के सेक्शन 115 और 117 का प्रयोग करते हुए इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।
राजधानी में ठिठुर रहे लोग
राजधानी में आज मौसम खराब है। आसमान में बादल छाए हुए हैं और लोग ठंड से ठिठुर रहे हैं। आसमान में बादल छाने से ठंड में और इजाफा हुआ है। उधर, मौसम विभाग ने आज शाम से 18 जनवरी तक फिर से मौसम खराब रहने की बात कही है। विभाग के मुताबिक इस दौरान राज्य के कई इलाकों में बर्फबारी हो सकती है और शिमला में भी बर्फबारी की संभावना है। यदि अब बर्फबारी होती है तो सैलानी और आएंगे और इससे सबसे अधिक संजौली ढली मार्ग प्रभावित होगा। इसे देखते हुए इस मार्ग को वनवे करना जिला प्रशासन की मजबूरी बन गया है।
बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों से सैलानियों की भारी भीड़ शिमला में जुट रही है। सैलानी शिमला से आगे मशोबरा, कुफरी, फागू आदि पर्यटक स्थलों की ओर रुख करते हैं और इस कारण संजौली से ढली के बीच यातायात जाम हो जाता है। इस कारण कई बार घंटों भी जाम लग जाता है। इसे देखते हुए डीसी शिमला ने आदेश जारी किया कि ढली से संजौली की तरफ को यातायात वनवे रहेगा। यह आदेश तब तक जारी रहेगा, जब तक बर्फबारी के कारण बिगड़ रही यातायात व्यवस्था पटरी पर न आए। यानी यह आदेश तब तक लागू रहेंगे, जब तक बर्फबारी के बाद ढली बाईपास और बाकी संपर्क मार्गों से यातायात सुचारू नहीं हो जाता।
- Advertisement -