-
Advertisement
सफाई कर्मचारियों को मिलेगी कुछ ऐसी झप्पी
Last Updated on September 24, 2021 by Deepak
पूरे देश में जहां भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर आजादी के अमृत महोत्सव थीम पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है वहीं हिमाचल प्रदेश में भी इस अवसर को उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। सरकार के दिशा निर्देशों के बाद मंडी जिला में भी 26 सितंबर से 2 अक्तूबर 2021 तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिसकी रूपरेखा नवगठित नगर निगम मंडी ने तैयार कर ली। शुक्रवार को मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए नगर निगम मंडी की पहली मेयर दीपाली जसवाल ने बताया कि मंडी शहर में भी आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया िक इस दौरान निगम का पूरा फोकस शहर में स्वच्छता और साफ-सफाई पर रहेगा और लोगों की जनभागीदारी से इसे पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया िक इस दौरान 26 सितंबर को सफाई मित्र सम्मान समारोह, 27 को कचरे को अलग करो अमृत दिवस, 28 को सार्वजनिक शौचालय सफाई जन-भागीदारी उत्सव, 29 व 30 को जागरूकता कार्यक्रम, 1 अक्तूबर को सेरी मंच पर महिला मंडलों के द्वारा बेकार वस्तुओं से निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी और 2 अक्तूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर स्वच्छता शपथ कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। वहीं इस दौरान नगर निगम मंडी में सड़कों की दयनीय स्थिति पर पूछे गए सवाल के जवाब में मेयर ने कहा की इस बारे में बैठक कर विस्तार से चर्चा की गई है। इसके साथ ही जल्द लोकनिर्माण विभाग को निगम क्षेत्र की सड़कों को सुधारने की दिशा निर्देश भी दे दिए गए हैं। इस पत्रकार वार्ता के दौरान नगर निगम मंडी के उपमहापौर विरेंद्र भट्ट और नगर निगम आयुक्त राजीव कुमार भी मौजूद रहे।