- Advertisement -
ऊना। उपमंडल गगरेट (Gagret) की ग्राम पंचायत दियोली में रेन शेल्टर के कार्य के लिए लाया गया 10 क्विंटल सरिया चोरी हो गया है। यह सरिया शुक्रवार सायं ही सरकारी ठेकेदार ने निर्माणाधीन साइट पर लाकर रखा था। सूचना मिलते ही गगरेट पुलिस जांच में जुट गई। हालांकि पुलिस ने दौलतपुर-गगरेट सड़क मार्ग पर कुछ दुकानों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को भी खंगाला, लेकिन सरिया कौन उड़ा ले गए, इसका कुछ सुराग नहीं लगा।
लोक निर्माण विभाग (PWD) में कार्यरत सरकारी ठेकेदार रोहित राय ने बताया कि उन्होंने दियोली गांव में निर्माणाधीन रेन शेल्टर का टेंडर ले रखा है। इसका निर्माण कार्य शुरू करने के लिए वह मैटीरियल प्रस्तावित साइट पर एकत्रित कर रहा था। कल ही करीब दस क्विंटल सरिया खरीद कर निर्माणाधीन साइट पर रखा था।
शनिवार सुबह जब वह निर्माणाधीन साइट पर पहुंचा तो वहां पर सरिया गायब देखकर दंग रह गया, उसने आसपास भी इसके बारे में पता करने का प्रयास किया, लेकिन सरिया कौन उड़ा ले गया इसका कुछ पता नहीं चला। उसने इसकी सूचना गगरेट पुलिस थाना में दी, जिस पर पुलिस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरनाम सिंह ने स्वयं घटनास्थल का दौरा किया। चोरी किए गए सरिया की कीमत करीब 45 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरनाम सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
- Advertisement -