- Advertisement -
नई दिल्ली। हाल ही में ब्राजील की सबसे बदनाम जेलों में से एक जेल में कैदियों के बीच खूनी संघर्ष की खबरें सामने आई थीं, जिसमें कई कैदियों की मौत हो गई थी। कुछ ऐसा ही मामला गुरूवार देर रात भारत की सबसे सुरक्षित जेल कही जाने वाली तिहाड़ जेल में सामने आया है। गनीमत यह रही कि कैदियों की इस गैंगवार में कोई हताहत नहीं हुआ। खबर है कि तिहाड़ जेल में गुरुवार देर रात करीब 2 बजे कैदियों के बीच मारपीट हुई। पुलिस के अनुसार, बीती रात कुछ कैदियों को जेल नंबर-3 के कसूरी वार्ड में रखा गया था। बता दें कि कसूरी वार्ड में उन कैदियों को रखा जाता है जो कोई कसूर यानि गलती करते हैं। पुलिस के अनुसार कसूरी वार्ड में रखे गए इन कैदियों ने देर रात 2 बजे बाहर आने के लिए शोर मचाना शुरु कर दिया। जिसके बाद वह आपस में ही मारपीट करने लगे। बताया जा रहा है कि इन में से कुछ कैदियों ने एक-दूसरे पर ब्लेड से हमला किया। जिस कारण 11 कैदी घायल हुए। घायल 11 कैदियों को देर रात ही अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वापस जेल भेज दिया गया। बहरहाल सभी कैदियों की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस मामले की जांच कर यह पता लगाने में जुट गई है कि आखिर इन कैदियों के पास ब्लेड आए कहां से।
- Advertisement -