एक बस ने दूसरी को पीछे से मारी टक्कर, 11 घायल
Update: Sunday, September 9, 2018 @ 12:48 PM
कुल्लू। पीरडी में एक निजी बस ने दूसरी बस को ओवरटेक करते हुए तीसरी बस को पीछे से टक्कर मार दी। इसमें 11 लोग घायल हो गए हैं। घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में उपचार के लिए पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार करवाया गया। उसके बाद आंशिक रूप से घायल लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। जबकि कुछ लोगों का क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में ही उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार हादसा निजी बसों की आपसी आगे निकलने की होड़ में पेश आया। निजी बसें भुंतर की तरफ जा रही थीं।
बस चालकों में सवारियां उठाने को लेकर आगे निकलने की होड़ लगी हुई थी, जिसके चलते दोनों बसें काफी तेज रफ्तार से दौड़ रही थीं। इस दौरान पीछे चल रही बस ने आगे चल रही बस को ओवरटेक किया तो दोनों बसों से आगे चल रही एक बस के चालक ने ब्रेक लगा दी।
ओवरटेक करने वाली बस पीछे जा टकराई, जिसके चलते बस में बैठे 11 लोग घायल हो गए हैं। लिहाजा अस्पताल प्रबंधन ने इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। एएसपी कुल्लू राजकुमार चंदेल ने बताया कि पुलिस ने हादसे को लेकर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि जिसकी भी गलती होगी, उसके खिलाफ कानून के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।