- Advertisement -
मंडी/ऊना। कभी लावारिस बैल तो कभी आवारा कुत्ते लोगों के लिए परेशानी बने हुए हैं। छोटी काशी के नाम से मशहूर मंडी (Mandi) शहर में सोमवार को एक आवारा कुत्ते ने 11 लोगों को काट कर घायल (Injured) कर दिया। इसके अलावा छह अन्य मामले भी सोमवार को जोनल अस्पताल में डॉग बाइट (Dog Bite) के सामने आए। ऐसे में सोमवार दोपहर तक कुल 17 मामले कुत्ते (Dog) के काटने के पेश आए। इसी तरह से ऊना में भी एक बुजुर्ग महिला पर कुत्ते ने हमला कर बुरी तरह से उसे घायल कर दिया, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार मंडी में आवारा कुत्ते ने मंगवाई, महामृत्युजंय चौक, आईटीआई के पास राहगीरों पर अचानक हमला बोल दिया। इससे पहले की राहगीर संभल पाते आवारा कुत्ता उन्हें काट देता। एक दिन में इस आवारा कुत्ते ने 11 लोगों को अपना शिकार बना दिया। आवारा कुत्ते द्वारा घायल लोगों ने जोनल अस्पताल मंडी में अपना उपचार करवाया। वहीं, इस संबंध में नगर परिषद मंडी की अध्यक्ष सुमन ठाकुर ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। नगर परिषद की टीमें उक्त आवारा कुत्ते को पकड़ने के लिए भेजी गई हैं। इस मामले को लेकर सीएमओ मंडी डॉ. जीवानंद चौहान ने बताया कि आवारा कुत्तों के काटने के मामले जोनल अस्पताल मंडी में पेश आए हैं, जिन्हें उपचार दिया गया है।
इसी तरह से जिला ऊना की ग्राम पंचायत लोअर देहलां में 52 वर्षीय महिला को पालतू कुत्ते द्वारा काट कर बुरी तरह घायल कर दिया। महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। जबकि पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने कुत्ते के मालिक के खिलाफ केस दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला माया देवी गांव में कहीं जा रही थी। इसी दौरान उसे देहलां निवासी राम कुमार के पालतु कुत्ते ने बुरी तरह काट खाया। महिला के चिल्लाने पर आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत से महिला को कुत्ते के चंगुल से छ़ुड़ाया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं पुलिस ने महिला की शिकायत पर घटना के संबंध में केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
- Advertisement -