-
Advertisement
UP जाने के लिए निकले 20 मजदूर Sirmaur की बाउंड्री से वापस लौटाए गए
Last Updated on April 29, 2020 by Vishal Rana
गोहर (मंडी)। सराज विधानसभा क्षेत्र की थरजून पंचायत से अपने गृह राज्य उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के लिए रवाना हुए 20 मजदूरों को सिरमौर (Sirmaur) जिला की सीमा से वापस लौटना पड़ा। इन मजदूरों को सिरमौर जिला में प्रवेश नहीं करने दिया गया जिसके चलते इन्हें वापस वहीं लौटना पड़ा जहां से यह गए थे। बताया जा रहा है कि यह सभी मजदूर हिमाचल और यूपी की सीमा के साथ सटे गांवों के रहने वाले हैं। लेकिन इनका राज्य उत्तर प्रदेश है। कुछ समय पहले यह मजदूर पांवटा साहिब के लिए पैदल ही जाने लग गए थे। लेकिन बाद में प्रशासन के समझाने के बाद यह थरजून पंचायत में ही रूके रहे।
यह भी पढ़ें: Social Distancing के निर्देश का पालन ना करने पर तीन दुकानें सील
पिछले कल इन मजदूरों के ठेकेदार ने इन सभी का पांवटा साहिब तक का पास बनवाया और इन्हें यहां से निजी बस के माध्यम से रवाना कर दिया। पास बनाने में यही गलती कर दी कि इन्होंने सिर्फ पावंटा साहिब तक का ही पास बनवाया। शायद इन मजदूरों ने सोचा होगा कि पावंटा साहिब पहुंचने के बाद यह वहां से आसानी से अपने घर चले जाएंगे लेकिन हुआ इसके उल्टा। एसडीएम गोहर अनिल भारद्वाज ने पुष्टि करते हुए बताया कि मजदूर पावंटा साहिब तक का पास बनवाकर गए थे, लेकिन इन्हें सिरमौर जिला में प्रवेश नहीं करने दिया गया। इन्हें प्रवेश से क्यों रोका गया इसकी सही जानकारी अभी नहीं मिल पाई है लेकिन अब यह सभी मजदूर वापस सराज क्षेत्र की थरजून पंचायत में पहुंच गए हैं। सभी को होम क्वारंटाइन कर दिया गया है। हालांकि किसी में कोई लक्ष्ण नहीं है लेकिन नियमों के तहत इन्हें क्वारंटाइन किया गया है।