- Advertisement -
लेखराज धरटा/शिमला। जैसे-जैसे 27 दिसंबर का दिन नजदीक आ रहा है, कांग्रेस पार्टी सरकार के खिलाफ चार्जशीट को अंतिम रूप देने में जीतोड़ मेहनत करने में जुटी है। इसके लिए बैठकों का दौर लगातार जारी है। आज भी कांग्रेस कार्यालय में चार्जशीट कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इसमें चार्जशीट कमेटी के अध्यक्ष राम लाल ठाकुर सहित अन्य सदस्य हर्षवर्धन चौहान, गंगू राम मुसाफिर, विजयपाल सहित विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री व पार्टी अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू मौजूद रहे। अभी तक कांग्रेस ने चार्जशीट में 25 मामलों को जगह दी है।
राम लाल ठाकुर ने बताया कि उनके पास 55 मामले आए थे, जिन पर गहनता से मंथन एवं कागजातों को देखकर 25 प्वाइंट निकले हैं। इसके अलावा और भी डॉक्यूमेंट्स प्रूफ के साथ यदि कुछ मिलता है तो उसको भी चार्जशीट में शामिल किया जाएगा। कांग्रेस राज्यपाल को 27 दिसंबर को चार्जशीट सौंपेगी। उन्होंने बताया कि बीजेपी की सरकार के खिलाफ चार्जशीट सबूतों व तथ्य के आधार पर होगी। ये पिछली चार्जशीटों की तरह नहीं होगी।
रामलाल ठाकुर ने चार्जशीट में शिक्षा विभाग, उद्योग विभाग, ऊर्जा विभाग, राजस्व विभाग, खाद्य आपूर्ति, परिवहन निगम व पर्यटन विभाग को शामिल करने के संकेत दिए हैं।
- Advertisement -