-
Advertisement
ATM से पैसे निकालने के बाद सेना के 3 जवान कोरोना पॉजिटिव, 28 लोग Quarantine
Last Updated on April 24, 2020 by
वडोदरा। कोरोना वायरस तेजी से देश में पांव पसार रहा है। पुलिसकर्मी, सुरक्षाबलों के साथ-साथ तीनों सैन्यबलों पर भी कोरोना संकट का असर पड़ता दिख रहा है। गुजरात के वडोदरा में 3 जवान कोरोना संक्रमित हो गए हैं। तीनों जवानों (Army jawan) का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव निकला है। शुरुआती जांच के मुताबिक इन जवानों ने एक एटीएम का इस्तेमाल किया था। तीनों जवानों ने एक ही दिन में यहां से ही पैसे निकाले थे। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि तीनों जवान एटीएम की वजह से ही संक्रमित हुए हैं। जवानों के संपर्क में आए 28 करीबी लोगों को टेस्ट रिपोर्ट सामने आने के बाद क्वारंटाइन कर दिया गया है। सुरक्षाबलों ने ही इन लोगों को क्वारंटाइन (Quarantine) कर दिया है। अब सभी का कोरोना टेस्ट कराया जा सकता है।
इससे पहले महाराष्ट्र में नेवी के जवानों में संक्रमण की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। हाल ही में नौसेना में 25 से अधिक कर्मियों के कोरोना टेस्ट किए गए थे, जिनमें से 21 पॉजिटिव बताए जा रहे हैं। आईएनएस आंग्रे, मुंबई में 21 पॉजिटिव केस पाए गए थे। फिलहाल जवानों की हालत स्थिर है और इलाज जारी है। आईएनएस आंग्रे, मुंबई परिसर में एक नाविक से बाकी लोगों में इसका संक्रमण फैला था। यह नाविक 7 अप्रैल को हुई जांच में पॉजिटिव पाया गया था। आईएनएस आंग्रे, मुंबई परिसर में लोगों को क्वारंटाइन कर दिया गया है। साथ ही संक्रमण और ना फैले इसके लिए सभी कदम उठाए गए हैं।