Home»Latest News • मंडी» 300 मीटर लंबा तिरंगाः 2500 लोग, भारत माता के जयकारों से गूंजा मंडी शहर
300 मीटर लंबा तिरंगाः 2500 लोग, भारत माता के जयकारों से गूंजा मंडी शहर
Update: Saturday, March 2, 2019 @ 5:20 PM
- Advertisement -
मंडी।प्रदेश के इतिहास में पहली बार 300 मीटर लंबा तिरंगा (300 Meter Long Tricolor) बनाकर मंडी (Mandi) शहर में एक विशाल रैली निकाली गई। वल्लभ कालेज मंडी से शुरू हुई यह रैली पूरे शहर का चक्कर काटती हुई सेरी मंच पर आकर संपन्न हुई। यह तिरंगा रैली (Rally) इतनी लंबी थी कि तिरंगे का अंतिम छोर देखने के लिए लोगों को काफी समय तक इंतजार करना पड़ रहा था। तिरंगे का निर्माण मंडी जिला के विभिन्न संगठनों ने आपसी सहयोग से करवाया। इस तिरंगा रैली के माध्यम से पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए वीरों को श्रद्धांजलि और भारतीय सेना के शौर्य को सलामी दी गई।
रैली के दौरान युवाओं का जोश देखते ही बन रहा था। युवाओं और विभिन्न संगठनों से आए लोगों ने 300 मी लंबे तिरंगे को थामकर भारत माता की जय, भारतीय सेना की जय और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए और भारतीय सेना के शौर्य को सलाम किया। युवाओं में इस बात को लेकर भी खासा उत्साह था कि उनका वीर योद्धा सुरक्षित भारत वापिस लौटा है। वहीं, आयोजनकर्ता खेम चंद ने बताया कि तिरंगे की लंबाई 300 मीटर है और इसे विभिन्न संगठनों के सहयोग से बनवाया गया है। उन्होंने बताया कि रैली में मंडी शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों और संगठनों से आए 2500 से भी अधिक लोगों ने भाग लिया।
7 लोगों ने 10 घंटे में बनाया 300 मीटर तिरंगा
तिरंगे को बनाने वाले हेम सिंह ने बताया कि उन्हें अपने सात सहयोगियों के साथ 300 मीटर लंबे तिरंगे को बनाने में 10 घंटों का समय लगा। वहीं इस रैली ने पूरे मंडी शहर का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर दिया। तिरंगा थामे निकले लोगों की कतार खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही थी। जिसने भी तिरंगे को देखा वह यही देखता रह गया कि इसका अंतिम छोर कहां पर है और अंतिम छोर देखने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। इस रैली के दौरान शहर का माहौल पूरी तरह से देशभक्तिमयी हो गया और लोग इस नजारे को देखने के लिए एक ही स्थान पर खड़े हो गए।