- Advertisement -
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ (Chattisgarh) के मुंगेली ज़िले में शुक्रवार रात 4 कैदी 20 फीट ऊंची दीवार फांदकर जेल (Jail) से फरार हो गए। एक अधिकारी ने कहा, ‘उन्होंने अपनी बैरक का ताला तोड़ा और दीवार फांदने के लिए चादर एवं कपड़ों से बनी रस्सी की सहायता ली।’ गौरतलब है कि फरार हुए 2 कैदी हत्या और रेप (Murder and Rape) के जबकि 2 चोरी (Theft) के आरोपी हैं। कैदियों के फरार (Escaped) होने के बाद से जेल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। कोई कुछ बोलने के लिए तैयार नहीं है। फिलहाल उच्चाधिकारियों की ओर से सिटी कोतवाली में मामला दर्ज कराया गया है, लेकिन फरार हुए कैदियों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
मुंगेली के थानेदार आशीष अरोड़ा ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार रात मुंगेली उप जेल से चार कैदी तरुण उर्फ छोटू, धीरज, ईदल और सुरेश पटेल फरार हो गए। धनतेरस की रात पटाखों की गूंज के बीच चार कैदियों ने बैरक का ताला तोड़ा और वहां से फरार हो गए। प्रहरियों को पटाखे की आवाज की वजह से ताला टूटने का आभास तक नहीं हुआ। कैदियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने नाकाबंदी की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका है। फिलहाल फरार हुए कैदियों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिल सकी है। इसी बीच घटना के बाद जेल प्रशासन ने दो प्रहरियों को निलंबित कर दिया है। घटना के बाद जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने भी जेल का निरीक्षण किया।
- Advertisement -