- Advertisement -
नई दिल्ली। पहाड़ों पर एक बार फिर मौसम (Weather) की मार देखने को मिल रही है। शनिवार से लगातार हो रही भारी बर्फबारी (Heavy snowfall) के बीच कश्मीर के कई इलाकों में हिमस्खलन (Avalanche) की चेतावनी जारी की गई है। उधर पहाड़ों पर खराब मौसम का असर मैदानी इलाकों पर भी पड़ रहा है। दिल्ली में मार्च में इतनी बारिश और ठंड पड़ रही जितनी पिछले चार साल में नहीं पड़ी। शनिवार का दिन दिल्ली में पिछले चार साल के मार्च महीने का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया।
शनिवार को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान (Maximum temperature) 19.3 डिग्री रहा, जो इस सीजन के औसत तापमान से 8 डिग्री नीचे है। पिछले साल मार्च महीने में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री और अधिकतम तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम वैज्ञानिक की मानें तो अभी कुछ दिन और ठंडी हवाएं चलेंगी साथ ही कई इलाकों में हल्की और तेज बारिश की संभावना है।
उत्तराखंड (Uttarakhand) और हिमाचल (Himachal) में लगातार हो रही बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जम्मू-कश्मीर (Jammu-Kashmir) की राजधानी श्रीनगर में तो बारिश (Rain) और बर्फबारी का डबल अटैक देखने को मिला। मार्च के महीने में गुलजार रहने वाला श्रीनगर का इलाका इन दिनों शांत है। मौसम विभाग ने कश्मीर के कई इलाकों में बेहद खतरनाक हिमस्खलन का अलर्ट भी जारी किया है। रामबन, अनंतनाग, कुलगाम, कुपवाड़ा, बांदीपुरा और गांदेरबल में अगले 24 घंटे में एवलांच आने का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा लेह, कारगिल, पुंछ, राजौरी, डोडा, किश्तवाड़, उधमपुर, बडगाम और बारामूला में भी अगले 24 घंटे में हिमस्खलन का अलर्ट जारी किया गया है।
- Advertisement -