- Advertisement -
धर्मशाला। अंतरराष्ट्रीय धर्म पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज (McLeodganj) के विभिन्न होटलों व गेस्ट हाउसों में ठहरे 48 विदेशी पर्यटक जल्द अपने घर पहुंच जाएंगे। इन पर्यटकों को उनके संबंधित देशों को वापस भेजने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय की पहल के चलते ही आज दिल्ली (Delhi) भेजा गया है। फ्रांस के 29, जर्मनी के 9, अमेरिका के 2, इंग्लैंड के 2, कनाडा के 2, स्विटजरलैंड के 3 पर्यटक शामिल हैं। यूरोप के विभिन्न देशों के 100 से अधिक विदेशी पर्यटक देश में लॉकडाउन शुरू होने के कारण जिला कांगड़ा के विभिन्न होटलों व गेस्ट हाउसों में ठहरे थे। उन्हें वापस दिल्ली ले जाने के लिए दिल्ली स्थित जर्मन व फ्रांस दूतावास के अधिकारी सोमवार देर शाम तीन वॉल्वो बसें लेकर धर्मशाला पहुंचे थे।
दिल्ली स्थित जर्मनी व फ्रांस के दूतावास (Embassy of Germany and France) के अधिकारियों ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर उन विदेशी पर्यटकों की एक सूची सौंपी थी जिसे विदेश मंत्रालय ने स्वीकृत किया था। हिमाचल में कोरोना वायरस के कारण लगे कर्फ्यू और लॉकडाउन में करीब 240 पर्यटक फंसे हैं। इनमें से 100 भारतीय और 140 विदेशी पर्यटक हैं। सबसे अधिक 69 भारतीय पर्यटक कुल्लू में जबकि 29 विदेशी पर्यटक फंसे हैं। सिरमौर में 9 विदेशी पर्यटक फंसे हैं। इनमें से दो रूस के, दो अमेरिका के हैं जबकि फिनलैंड, नीदरलैंड, फ्रांस और दुबई से 1-1 पर्यटक फंसे हुए हैं।
इसके अलावा पर्यटन विभाग विदेशी पर्यटकों को तलाशने और उनके बारे में पूरी जानकारी एकत्र करने की कवायद में भी जुटा हुआ है। डीटीडीओ सुनयना शर्मा ने बताया कि जिला कांगड़ा में 100 के लगभग विदेशी पर्यटक विभिन्न होटल व् गेस्ट हाउस में रुके थे। जिनकी जानकारी एकत्रित कर विदेश मंत्रालय को सूचित किया गया था। पर्यटन विभाग के कर्मचारी इन सभी विदेशी पर्यटकों के संपर्क में हैं। दिल्ली स्थित दूतावास अधिकारी धर्मशाला पहुंचे हैं और वो इन्हें वापस ले जाने के लिए जिला प्रशासन के सहयोग से कार्य कर रहे हैं।
- Advertisement -