-
Advertisement
एक लाख परिवारों के उत्थान के लिए नई योजना शुरू, सीएम ने किया शुभारंभ
Last Updated on January 6, 2020 by Deepak
शिमला। सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) ने अपने जन्मदिन पर आज ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के सशक्तिकरण के उद्देश्य से तीन नई ग्रामीण विकास योजनाओं का शुभारंभ किया। इनमें मुख्यमंत्री ग्राम कौशल योजना, अन्तोदय मिशन के अंतर्गत उत्थान और मासिक धर्म के दौरान महिलाओं के प्रति सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार (डेवल्प एंपैथी फॉर मेंस्ट्रुअल वुमन थ्रू इन्फोर्मेशन) अर्थात् ‘देवी’ शामिल हैं। सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) ने कहा कि डीसी की अनुशंसा के आधार पर प्रदेश में 5000 अत्यंत निर्धन परिवारों और 95 हजार बीपीएल परिवारों को अंत्योदय मिशन कार्यक्रम के तहत उत्थान योजना में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देवी कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं को स्वच्छता के बारे में जागरूक किया जाएगा।
यह भी पढ़ें :- अब मनमर्जी के डिपो से ले सकते हैं राशन : जयराम ने किया Portable ration card का शुभारंभ
सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) का 55वां जन्मदिवस आज हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समाज के विभिन्न क्षेत्रों से संबंध रखने वाले लोगों ने सीएम के सरकारी आवास ‘ओक-ओवर’ पहुंचकर उनको उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए शुभकानाएं दीं। सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur)की पत्नी और राज्य रेडक्रॉस अस्पताल कल्याण शाखा की अध्यक्ष डॉ. साधना ठाकुर भी इस अवसर पर उपस्थित रहीं। प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्यों, विधायकों, विभिन्न बार्डों और निगमों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए हजारों लोगों ने सीएम को जन्मदिन की बधाई दी। सीएम ने दि रिज पर भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया।
इसके पश्चात् सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) ने आईजीएमसी शिमला (IGMC Shimla) में 10 करोड़ रुपए लागत की डिजिटल सबस्ट्रेक्शन एंजियोग्राफी (डीएसए) मशीन का लोकार्पण किया। डिजिटल सबस्ट्रेक्शन एंजियोग्राफी मशीन का उपयोग ब्रेन स्ट्रोक, कैंसर, फेफड़े, आंत, गर्भाशय और गुर्दे के रक्तस्त्राव जैसे विकारों के निदान और उपचार के लिए किया जाता है। इस मशीन के स्थापित होते ही लोगों को राज्य में ही डिजिटल सबस्ट्रैशन एंजियोग्राफी की सुविधा प्राप्त होगी। सीएम ने इस अवसर पर दिव्यांग बच्चों को व्हीलचेयर भी वितरित कीं।
सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) ने टुटीकण्डी में नगर निगम की पार्किंग में स्थापित मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन-1100 कार्यालय का दौरा किया। उन्होंने कहा कि यह हेल्पलाइन लोगों की समस्याओं के समाधान में बहुत उपयोगी सिद्ध हो रही है। जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन योजना की निर्देशिका को भी जारी किया।
हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवाएं स्पोटर्स कंट्रोल बोर्ड ने सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) के जन्मदिवस पर आज यहां मिनी मैराथन का आयोजन किया। पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुए सीएम ने मैराथन दौड़ आयोजित करने के लिए सचिवालय के अधिकारियों व कर्मचारियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां कर्मचारियों को व्यस्त दिनचर्या के बीच राहत पहुंचाती हैं। सीएम जयराम ठाकुर ने आज यहां हिमाचल प्रदेश राज्य वन विकास निगम के कैलेंडर-2020 का विमोचन किया। निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी व अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।