Home » हिमाचल » कुछ इस तरह चांदी में लिपटी पराशर झील, बर्फ गिरी और जम गई
कुछ इस तरह चांदी में लिपटी पराशर झील, बर्फ गिरी और जम गई
Update: Wednesday, December 13, 2017 @ 5:54 PM
वी कुमार/मंडी। प्रदेश में जारी बर्फबारी का दौर अपने पूरे यौवन पर है। प्रदेश के कई पर्यटक स्थलों पर नजारा पूरी तरह से सफेद है। अगर बात मंडी जिला की करें तो यहां भी नजारा पर्यटकों को खूब भा रहा है। अपनी सुंदरता के लिए विश्व भर में जानी जाने वाली पराशर ऋषि की तपोस्थली ने सफेद चांदी की चादर ओढ़ ली है। बीते दो दिन से लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी के कारण यहां पर भी ताजा हिमपात हुआ है। बताया जा रहा है कि यहां करीब 6 इंच ताजा बर्फबारी हुई है।
मौसम साफ होने के बाद पर्यटक जा सकते हैं पराशर
हर वर्ष पराशर ऋषि की पहाड़ियां बर्फ से लकदक होती हैं और इस बार भी कुछ ऐसा ही सुंदर नजारा देखने को मिल रहा है। ताजा बर्फबारी से पराशर ऋषि के आसपास रहने वाले किसानों और बागवानों के चेहरों पर रौनक छा गई है। किसान और बागवान इस बर्फबारी को फसलों के लिए बेहतर मान रहे हैं। वहीं पर्यटकों ने भी पराशर की इस सुंदरता को नजदीक से देखने का मन बनाया है। हालांकि प्रशासन ने अभी पर्यटकों के यहां जाने पर रोक लगा रखी है, लेकिन मौसम साफ होने के बाद पर्यटक यहां जा सकेंगे।उधर जिला की एक और झील कमरूनाग भी बर्फबारी के बाद जम गई है।