- Advertisement -
6 year old child died: पांवटा साहिब। गिरिपार क्षेत्र के बांगरन में खेल-खेल में एक बच्चे की जान चली गई। जानकारी के अनुसार बांगरन का रहने वाला 6 साल का निर्मल कुमार अपनी मां के साथ अपने नानके अडेन गांव गया हुआ था। रविवार शाम करीब 7 बजे निर्मल आंगन में लगे पेड़ से बंधी रस्सी के साथ खेल रहा था और उसी पर झूलते हुए उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि निर्मल ने खेल-खेल में बकरियों को चारा टांगने के लिए लगाई हुई रस्सी को अपने गले में बांध लिया और उसके साथ झूलने लगा।
करीब आधे घंटे तक जब बच्चा अंदर नहीं आया तो परिजनों ने उसे अंदर बुलाने के लिए आवाज लगाई। बच्चे का कोई जवाब नहीं आया तो उसकी मां बाहर आई तो बाहर का नजारा देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। बच्चा रस्सी से झूल रहा था। परिजन उसे तत्काल पास लगते उत्तराखंड के विकासनगर अस्पताल में ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 6 साल के बच्चे की मौत से पूरा परिवार शोक में डूब गया है।
- Advertisement -