-
Advertisement
Punjab में 62 वर्षीय महिला की कोरोना से मौत, Active Case हुए 630
चंडीगढ़। पंजाब में भी कोरोना का कहर कम नहीं हुआ है। राज्य में आज कोरोना वायरस से एक और मरीज की मौत हो गइ है। अमृतसर (Amritsar) में गुरुवार सुबह कोरोना पॉजिटिव 62 वर्षीय महिला की मौत (Death) हुई है। वह नवाकोट क्षेत्र की रहने वाली थी। महिला का गुरु नानक देव अस्पताल में इजाल चल रहा था। अमृतसर में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 13 हो गई है वहीं, पंजाब में कोरोना से अब तक 59 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, राज्य में बुधवार से अब तक 65 मरीज ठीक होकर अस्पतालों से डिस्चार्ज हुए हैं। अब तक मिले कोरोना के 2920 मरीजों में से 2232 ठीक हो गए हैं। राज्य में कोरोना के 630 एक्टिव मरीज हैं।
यह भी पढ़ें: Haryana में 4 दिन में डबल हुआ मरने वालों का आंकड़ा, 10 दिन में 3,223 नए केस
बुधवार को गई थी तीन की जान
इससे पहले बुधवार को पंजाब (Punjab) में तीन कोरोना मरीजों की मौत हुई थी। अमृतसर, जालंधर और संगरूर जिलों मे कल एक-एक मरीज की जान गई थी। संगरूर में यह पहली मौत है। यहां अस्थमा के मरीज 70 वर्षीय बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। उसे मंगलवार को ही कोविड केयर सेंटर से राजिंदरा अस्पताल लाया गया था। वहीं, जालंधर में बुधवार को दसवीं मौत गई। मोती नगर के पास मकसूदां में रहने वाले 86 बुजुर्ग की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। अमृतसर में भी 46 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। लाहौरी गेट निवासी व्यक्ति ने गुरुनानक देव अस्पताल स्थित आइसोलेशन वार्ड में दम तोड़ दिया। इसे बुधवार सुबह ही भर्ती किया गया था।
यह भी पढ़ें: भारत में पहली बार Corona ने एक दिन में ली 350 से ज्यादा की जान, 3 लाख के करीब पहुंचा कुल आंकड़ा
पठानकोट-गुरदासपुर में कम्युनिटी ट्रांसमिशन शुरू
वहीं, राज्य में बुधवार को 89 नए पॉजिटिव केस सामने आए। पठानकोट व लुधियाना में सबसे ज्यादा 19-19, गुरदासपुर में 13, अमृतसर में 12, संगरूर में 11, जालंधर में चार, पटियाला में चार, मोहाली में तीन, नवांशहर में दो और बरनाला व कपूरथला में एक-एक केस रिपोर्ट हुआ। पठानकोट के सिविल सर्जन डॉ. विनोद सरीन और गुरदासपुर के सिविल सर्जन डॉ. किशन चंद ने कहा है कि जिलों में कम्युनिटी ट्रांसमिशन शुरू हो गया है। नए मामले कम्युनिटी ट्रांसमिशन के ही हैं।
