-
Advertisement
Corona Update: हिमाचल में आज 7 नए मामले, रिकवरी रेट 60 फीसदी पहुंचा
Last Updated on June 12, 2020 by
शिमला/हमीरपुर। हिमाचल में आज अब तक कोरोना (Corona) पॉजिटिव के सात नए मामले सामने आए हैं। वहीं, आज 10 मरीज ठीक हुए हैं। आज आए नए मामलों में हमीरपुर (Hamirpur) से पांच, चंबा (Chamba) से एक और सोलन (Solan) से एक मामला सामने आया है। वहीं, चंबा का एक, हमीरपुर के सात, कांगड़ा (Kangra) के दो मरीज ठीक हुए हैं। जिला कांगड़ा के दो और कोरोना पॉजिटिव लोग ठीक हो गए हैं। ठीक होने वालों में सुनेहड़ की 52 वर्षीय महिला और भनियारा छतरी की 22 वर्षीय युवती कोरोना से जंग जीत गई हैं। इन्हें कोविड (Covid) केयर सेंटर बैजनाथ से घर भेजा जा रहा है। अगले सात दिन दोनों होम आइसोलेशन में रहेंगी। इसकी पुष्टि डीसी कांगड़ा राकेश प्रजापति ने की है। हिमाचल में कोरोना से ठीक होने वालों का रिकवरी रेट 60 फीसदी तक पहुंच गया है।
यह भी पढ़ें: Corona Update : हिमाचल में पुलिसकर्मी के पॉजिटिव आने पर SP Office बंद
आज 1198 सैंपल में 288 नेगेटिव
दो कोरोना पॉजिटिव के ठीक होने के बाद कांगड़ा जिला में 56 एक्टिव केस (Active Case) रह गए हैं। अब तक 69 लोग ठीक हुए हैं। एक की मृत्यु हुई है। कांगड़ा जिला में कुल आंकड़ा 126 है। हिमाचल में कुल आंकड़ा 481 पहुंच गया है। अभी 178 एक्टिव केस हैं। अब तक 290 लोग ठीक हुए हैं। इसमें चार हिमाचल के बाहर चले गए लोग भी शामिल हैं। हिमाचल में आज अब तक 1198 सैंपल जांच को आए हैं। इसमें 288 नेगेटिव रहे हैं। 910 की रिपोर्ट का इंतजार है। आज के सैंपल में अब तक कोई पॉजिटिव मामला नहीं है, जो पॉजिटिव मामले हैं वह कल के पेंडिंग सैंपल से हैं।
यह भी पढ़ें: ओरिसन फार्मा कालाअंब के दो और कर्मी Corona Positive, दाड़लाघाट में कोरोना का पहला मामला
एक ही परिवार के चार लोग संक्रमित, एक नजदीकी रिश्तेदार
हमीरपुर जिला में आज कोरोना वायरस कोविड-19 संक्रमित पांच और व्यक्तियों की पुष्टि हुई है। इनमें दो महिलाएं, दो बच्चे एवं एक अन्य व्यक्ति शामिल है। यह सभी झांसी से लौटे और यहां कोरोना संक्रमित पाए गए एक व्यक्ति के प्राथमिक संपर्क हैं। संक्रमित व्यक्तियों को समर्पित कोविड केयर सेंटर (Covid Care Center) भेजा जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. अर्चना सोनी ने बताया कि इनमें सुजानपुर तहसील के छनेर क्षेत्र की 34 वर्षीय महिला व उसका 10 वर्षीय बेटा, 59 वर्षीय बुजुर्ग एवं उनकी 57 वर्षीय पत्नी एवं एक 9 वर्षीय बच्ची शामिल है। इनमें से प्रथम चार गत 9 जून को संक्रमित पाए गए व्यक्ति के परिजन हैं और बच्ची भी उसकी नजदीकी रिश्तेदार है। यह व्यक्ति झांसी से 29 मई को लौटा था और गृह-संगरोध में रखा गया था। गत 9 जून को संक्रमण की पुष्टि के उपरांत इस व्यक्ति को कोविड केयर सेंटर भेजा गया था। इस व्यक्ति की पत्नी व बेटा उसके साथ ही झांसी से लौटे थे और उसके माता-पिता व एक अन्य बच्ची भी उसके प्राथमिक संपर्कों में शामिल हैं।
पंजाब से लौटा भरमौर क्षेत्र का युवक निकाला संक्रमित
चंबा। जिला में कोरोना का एक और नया मामला सामने आया है। भरमौर क्षेत्र के स्वास्थ्य खंड चूड़ी के तहत रैंडम सैंपलिंग में यह युवक पॉजिटिव निकला। कुंर क्षेत्र का रहने वाला 22 वर्षीय यह युवक कुछ दिन पहले ही पंजाब से लौटा है तथा इसे होम क्वारंटाइन किया गया था। बुधवार को उक्त युवक का रैंडम सैंपल लिया गया था तथा जांच के लिए भेजा गया था। आज उक्त युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग को जैसे ही युवक के पॉजिटिव होने की सूचना मिली तो इसे जिला कोविड-19 केयर सेंटर बालू शिफ्ट किया जा रहा है। इसके साथ ही जिला चंबा में अब कोरोना के एक्टिव के 11 हो गए हैं।