- Advertisement -
शिमला। प्रदेश सरकार ने राज्य के 8 आईएएस अफसरों को पदोन्नति का तोहफा दिया है। सरकार ने पांच प्रधान सचिवों को पदोन्नत कर अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) बनाया है, जबकि सचिव रैंक के तीन अफसरों को प्रधान सचिव के रूप में पदोन्नति दी है। इस संबंध में सरकार ने अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी कर दी हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव के रूप में पदोन्नत होने वाले अफसरों में 1987 बैच के आईएएस अधिकारी तरूण कपूर और निशा सिंह शामिल हैं।
ये दोनों अफसर प्रदेश में सेवाएं दे रहे हैं। इन दोनों अफसरों को अब एपेक्स स्केल 2,25,000 रुपए मिलेगा। उधर, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर सेवाएं दे रहे 1986 बैच के अफसर अनिल कुमार खाची, डॉ. एजेवी प्रसाद और 1987 बैच के राम सुभाग सिंह को राज्य कैडर में वापस आने पर यह एपेक्स स्केल मिलेगा। इस बीच, सरकार ने 1994 बैच की सचिव स्तर की आईएएस अधिकारी अनुराधा ठाकुर और ओंकार चंद शर्मा को भी पदोन्नति दी है। सरकार ने इन्हें पदोन्नत कर प्रधान सचिव बनाया है। ये दोनों अधिकारी इस समय राज्य में सेवाएं दे रहे हैं। वहीं, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर चल रहे 1993 बैच के आईएएस अधिकारी केके पंत को भी पदोन्नत कर प्रधान सचिव बनाया गया है।
- Advertisement -