- Advertisement -
भुवनेश्वर। बुधवार शाम आंध्र प्रदेश की सीमा से सटे ओडिशा के माओवाद प्रभावित कोरापुट जिले में हुए बारूदी सुरंग विस्फोट में शहीद हुए पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है। यह धमाका कोरापुट जिले के सुंकी घाट पर मुंगरभूमि के पास हुआ। पुलिस ने आशंका जताई है कि इस हमले के पीछे माओवादियों का हाथ हो सकता है। इस हमले में घायल हुए 5 जवानों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। बता दें कि यह विस्फोट तब हुआ जब करीब 13 पुलिसकर्मी कटक जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनका वाहन बारूदी सुरंग की चपेट में आ गया। ओडिशा के डीजीपी केबी सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि लैंडमाइन विस्फोट में 8 जवान शहीद हुए हैं, जबकि घायल 5 जवानों का अस्पताल में इलाज करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, हमने केस दर्ज कर लिया है। हमें पूरा शक है कि इस बारूदी सुरंग विस्फोट के पीछे माओवादियों का हाथ है।
- Advertisement -