-
Advertisement
यहां जानें Himachal में कब तक साफ रहेगा मौसम, March महीने में हुई 55% ज्यादा बारिश
Last Updated on April 1, 2020 by
शिमला। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र किन्नौर और लाहुल-स्पीति को छोड़कर प्रदेश के बाकी 10 जिलों में गुरुवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के हवाले से इस बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में छह अप्रैल तक धूप खिलने की संभावना है। जिसके कारण तापमान में वृद्धि होने के आसार नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग द्वारा आगे बताया गया कि प्रदेश में 7 तारीख को कुछ क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने आगामी छह अप्रैल तक मैदानी और मध्यम उंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम के साफ रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में छह अप्रैल तक मौसम साफ रहेगा। प्रदेश में इस बार मार्च माह में बारिश सामान्य से 55 फीसदी अधिक हुई है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों के छोड़कर शेष सभी 10 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। प्रदेश में इस बार सर्दी का मौसम भी लंबा बना रहा, जिससे हिमाचल में ठंड का प्रकोप बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक मार्च महीने में हिमाचल में 159.5 मिमी. वर्षा रिकॉर्ड की गई। जबकि मार्च माह में यहां सामान्य बारिश 102.6 मिमी. मानी जाती है। इस बार राज्य में सामान्य से 55 फीसदी अधिक वर्षा हुई है।