-
Advertisement
दिल्ली-राजस्थान सहित इन 5 राज्यों में गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड, Red Alert जारी, जानिए कब मिलेगी राहत
Last Updated on May 26, 2020 by
नई दिल्ली। एक तरफ कोरोना की मार दूसरी तरफ आग बरसा रहा सूरज। दिल्ली, लखनऊ, भोपाल, जयपुर, गुरुग्राम समेत देश के कई बड़े शहरों में इन दिनों गर्मी रिकॉर्ड तोड़ रही है। मंगलवार को भी इन शहरों का अधिकतम तापमान (Maximum temperature) 45 डिग्री रहने का अनुमान है। आईएमडी ने उत्तर भारत के लिहाज से 26 मई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान जब लू का प्रकोप अपने चरम पर हो सकता है। दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में पिछले कुछ दिन से जबरदस्त गर्मी है और कहीं-कहीं तो तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के ऊपर तक पहुंच रहा है। आईएमडी के मुताबिक रेड अलर्ट (Red alert) की चेतावनी लोगों को दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक घरों से नहीं निकलने की सलाह के साथ जारी की गई है जिस समय लू का प्रकोप चरम पर होगा।
यह भी पढ़ें: शुरू हुआ नौतपा, इस बार सिर्फ सात दिन रहेगा असर
अगले दो-तीन दिन तक जारी रहेगा गर्मी का कहर
राजस्थान में सोमवार को दिन का सर्वाधिक तापमान चूरू में 47.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया, वहीं उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में इलाहाबाद सबसे गर्म रहा जहां तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस रहा। राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने कहा कि हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में कुछ हिस्सों में लू चल सकती है वहीं कुछ स्थानों पर प्रचंड लू के थपेड़े महसूस किए जा सकते हैं। अगले दो-तीन दिन में पंजाब, छत्तीसगढ़, ओडिशा, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, बिहार और झारखंड में कुछ-कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार के लिए दिल्ली के कुछ इलाके में ऑरेंज चेतावनी जारी की है। ऑरेज चेतावनी लू चलने पर और रेड चेतावनी प्रचंड लू के लिए जारी की जाती है।
Heat wave across Northwest India on 25 May 2020@Indiametdept @IMDWeather pic.twitter.com/1LC1RwV7Va
— RWFC New Delhi (@RWFC_ND) May 25, 2020
महाराष्ट्र में गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड
भीषण गर्मी में इंसान का शरीर जरूर झुलस रहा है। पैदल घर जाते मजदूरों के लिए ये तो गर्मी करेले पर नीम चढ़ी जैसी हो गई है। महाराष्ट्र के अकोलो में तो गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। पारा 47.4 डिग्री के पार पहुंच गया। 10 साल में ऐसी गर्मी नहीं पड़ी। मौसम विभाग की माने तो अगले 2 से 3 दिन में तापमान और बढ़ेगा। लोगों को घर में रहने और ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह दी गई है। विदर्भ के चंद्रपुर शहर में भी आसमान से आग बरस रही है। 47 डिग्री वाली गर्मी के आगे कूलर, AC भी जवाब दे रहे हैं। राजस्थान के धौलपुर में भी गर्मी लोगों की अग्निपरीक्षा ले रही है। सोमवार को यहां अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री पहुंच गया। गर्मी इतनी बढ़ गई है कि लॉकडाउन के ढील के बाद भी लोग दिन में घर के बाहर कदम रखने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पारा 46 डिग्री के पार है। सिर्फ ग्वालियर नहीं, प्रदेश के छत्तरपुर जिले में भी गर्मी कहर बरपा रही है। पारा 46 डिग्री तक पहुंच गया है। ऐसे में खुले आसमान के नीचे 5 मिनट खड़ा होना भी चुनौती बन गया है।
उत्तर भारत के अनेक हिस्सों में 29-30 मई को मिल सकती है राहत
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार उत्तर भारत के अनेक हिस्सों में 29-30 मई को धूल भरी आंधी चलने और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है जिससे लू के प्रकोप से राहत मिल सकती है। आईएमडी के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ और पुरवाई हवाओं के कारण दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में 29-30 मई को धूल भरी आंधी चलने तथा गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। इस अवधि में हवा की रफ्तार भी करीब 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। पश्चिमी विक्षोभ एक चक्रवाती तूफान है जो भूमध्यसागर से पैदा होकर मध्य एशिया में से गुजरता है। हिमालय के संपर्क में आने पर इससे पहाड़ों और मैदानों पर बारिश होती है।