-
Advertisement
डॉ. सुशांत का ऐलान: Himachal को मिलेगा सशक्त विकल्प, क्षेत्रीय दल लड़ेगा 68 सीटों पर चुनाव
Last Updated on August 8, 2020 by Deepak
नाहन। हिमाचल की जनता को जल्द ही क्षेत्रीय दल के रूप में एक नया सशक्त विकल्प मिलेगा, जिसमें कार्यकर्ता ही नहीं नेता और हाईकमान भी हिमाचल के होंगे। समस्याएं भी हिमाचल की होंगी और समाधान भी हिमाचल का होगा। इसके लिए आने वाले चुनाव में प्रदेश की 68 सीटों पर क्षेत्रीय दल (Kshatriya Party) चुनावी रण में उतरेगा। यह बात पूर्व सांसद डॉ. राजन सुशांत (Dr. Rajan Sushant) ने नाहन में पत्रकारों से बातचीत में कही।
यह भी पढ़ें: Mukesh का वारः नई पंचायतों के गठन के बहाने पंचायती चुनाव टालने की रची जा रही साजिश
डॉ. राजन सुशांत ने कहा कि मौजूदा बीजेपी (BJP) सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। प्रदेश में बेरोजगारी, विभागों में रिक्त पड़े पद व अन्य कई ज्वलंत समस्याएं हैं, जिनका सरकार अभी तक कोई ठोस उपाय नहीं कर पाई है। ऐसे में अब प्रदेश की जनता तीसरे विकल्प की तलाश में है। हिमाचल की जनता बीजेपी और कांग्रेस दोनों से तंग आ चुकी है। डॉ. राजन सुशांत ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में एक अच्छा विकल्प प्रदेश की जनता को दिया जाएगा। इसके लिए ढ़ाई साल पहले प्रयास तेज कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह दल इतना सशक्त होगा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी का भी रिकार्ड तोड़ेगा।
बीजेपी कांग्रेस नहीं कर पाई प्रदेश का विकास
डॉ. सुशांत ने कहा कि प्रदेश का एक बड़ा बुद्धिजीवी वर्ग लगातार उनके संपर्क में है और ऐसे लोगों से संपर्क साधने के लिए वह पूरे प्रदेश का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी सबसे बड़ी समस्या है। मौजूदा समय में करीब 12 लाख लोग बेरोजगार है। उन्होंने कहा कि सही मायने में ना तो बीजेपी और ना ही कांग्रेस (Congress) प्रदेश का विकास कर पाई है। यही कारण है कि प्रदेश की जनता तीसरा विकल्प चाहती है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में प्रदेश सरकार लोगों को राहत देने में नाकाम साबित रही है। यही कारण है कि मौजूदा में प्रदेश में लगातार कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे है। सरकार की नाकामी के चलते आज जनता आर्थिक तंगी से जूझ रही है।
कोरोना काल मे स्वास्थ्य घोटाला शर्मनाक
डॉ. राजन सुशांत ने कहा कि कोरोना संक्रमण के बीच स्वास्थ्य विभाग (Health Department) में इतना बड़ा घोटाला शर्मनाक बात है। वह भी तब जब स्वास्थ्य विभाग सीएम के पास हो। उन्होंने कहा कि घोटाला पांच लाख का बताया गया है और विभाग के निदेशक को जेल में डाला गया। उन्होंने कहा कि यह घोटाला पांच लाख का नहीं बल्कि करोड़ों का है। इसमें प्रदेश के मुखिया सहित कई अन्य शामिल हैं। आने वाले समय में इसकी परतें खुलेंगी।