-
Advertisement
Accident के बाद सड़क पर पड़ा रहा युवक, किसी ने हाथ नहीं लगाया, Doctor MLA ने किया इलाज
Last Updated on August 10, 2020 by saroj patrwal
गुंटूर। आज ऐसा दौर आ गया है कि कोरोना के डर से लोगों में इंसानियत भी कम होती जा रही है। लोग ना किसी को पूछ रहे हैं और ना किसी की मदद कर रहे हैं। सड़क पर कोई हादसा हो जाए तो घायल की मदद तक नहीं करते। आंध्र प्रदेश (Andra Pradesh) के गुंटूर जिले के पास ऐसा ही एक मामला सामने आया। यहां हाईवे पर एक युवक हादसे का शिकार हो गया लेकिन उसे किसी ने पूछा तक नहीं। ऐसे में इस घायल युवक की मदद की एक महिला विधायक ने जो कि एक डॉक्टर भी हैं।
जानकारी के अनुसार एक युवक गुंटूर (Guntur) से अपनी बाइक पर पिडुगुराला जा रहा था। यहां एक लॉरी ने उसे टक्कर मार दी। वह सड़क पर गिर गया और उसे काफी चोटें भी आईं। काफी देर तक सड़क पर पड़े रहने के बावजूद किसी भी राहगीर ने उसकी मदद नहीं की। लोग कोरोना वायरस के डर से उस शख्स के पास जाने से कतरा रहे थे। उसी बीच आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ पार्टी की विधायक श्रीदेवी अपने काफिले के साथ उधर से गुजर रही थीं। उन्होंने सड़क पर घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़े उस शख्स को देखा जिसके बाद विधायक ने तुरंत अपना काफिला रुकवाया। उसके बाद पुलिस को सूचना दी। तुरंत उस शख्स की दवा पट्टी की और उसे प्राथमिक उपचार दिया।
श्रीदेवी आंध्र प्रदेश के ताडीकोंडा विधानसभा सीट से विधायक हैं। इसके साथ ही वो एक डॉक्टर भी हैं। इस मामले पर श्रीदेवी ने कहा कि लोग कोरोना संक्रमण (Corona infection) के डर से उस घायल शख्स की मदद नहीं कर रहे थे। मैंने सिर्फ उस शख्स का प्राथमिक उपचार किया। मैंने दस्ताने और मास्क पहन रखे थे। कोरोना के डर से किसी की मदद न करें, ये अच्छी बात नहीं है। जैसे ही विधायक श्रीदेवी ने पुलिस को फोन करके बुलाया और तुरंत पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी वहां पहुंची। श्रीदेवी ने जब प्राथमिक उपचार कर दिया तो पुलिस टीम ने घायल शख्स को अस्पताल पहुंचाया। विधायक श्रीदेवी के इस काम की सोशल मीडिया पर खूब तारीफ हो रही है। उनकी तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं।