-
Advertisement
बड़ी खबर: रूस ने बना ली दुनिया की पहली Covid-19 वैक्सीन, पुतिन की बेटी को भी लगाया गया टीका
Last Updated on August 11, 2020 by Deepak
मास्को। चीन के वुहान से उपजे कोरोना वायरस (Coronavirus) का अब अंत निकट दिखाई देने लगा है। विश्व भर में लाखों लोगों की जान ले चुकी इस महामारी की वैक्सीन (Vaccine) के बारे में रूस की तरफ से एक बड़ा दावा किया गया है। दरअसल, लंबे इंतजार के बाद रूस (Russia) ने दुनिया की पहली कोरोना वायरस वैक्सीन को मंजूरी दे दी है। खुद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने इसका ऐलान किया है। पुतिन ने सरकारी मंत्रियों के साथ एक टीवी वीडियो कॉन्फ्रेंस कॉल के दौरान कहा कि आज सुबह, दुनिया में पहली बार, कोरोना वायरस के खिलाफ एक टीका पंजीकृत किया गया है।
पुतिन की बेटी को हुआ था कोरोना; वैक्सीन दी और ठीक हो गई
राष्ट्रपति पुतिन ने यह भी बताया कि उनकी बेटियों को यह टीका लगाया जा चुका है। पुतिन ने बताया कि उनकी बेटी को कोरोना वायरस हुआ था, जिसके बाद उसे ये नई वैक्सीन दी गई। कुछ देर के लिए उसका तापमान बढ़ा लेकिन अब वो बिल्कुल ठीक है। बतौर रिपोर्ट्स, मॉस्को के गामलेया रिसर्च इंस्टिट्यूट ने एडेनोवायरस को बेस बनाकर यह वैक्सीन तैयार की है। मंगलवार को रूस के स्वास्थ्य मंत्रालय ने वैक्सीन को सफल करार दिया। इसी के साथ व्लादिमीर पुतिन ने ऐलान किया कि रूस में जल्द ही इस वैक्सीन का प्रोडक्शन शुरू किया जाएगा और बड़ी संख्या में वैक्सीन की डोज़ बनाया जाएगा।
यह भी पढ़ें: 10 राज्यों के सीएम संग PM मोदी ने की Covid-19 चर्चा: सुझाया 72 घंटे वाला फॉर्मूला; जानें क्या है ये…
पुतिन ने दावा किया कि ये टीका आवश्यक परीक्षणों से गुजरा है। रूसी अधिकारियों ने कहा है कि चिकित्सा कर्मचारी, शिक्षक और अन्य जोखिम समूह को सबसे पहले टीका लगाए जाएंगे।बता दें कि रूस की तरफ से यह बड़ा ऐलान उस वक्त किया गया है, जब कोरोना वायरस से जूझ रहा पूरा विश्व इस खतरनाक वायरस की वैक्सीन बनाने की तैयारियों में जुटा हुआ था। दुनिया में कोरोना के करीब 2 करोड़ मामले सामने आ चुके है। लाखों लोग इस वायरस की वजह से काल के गाल में समा चुके हैं। ऐसे में वायरस की वैक्सीन की खबर से पूरी दुनिया ने राहत की सांस ली है।