-
Advertisement
बिहार में सत्ता के अहंकार में डूबी सरकार की ना करनी अच्छी है, ना कथनी: सोनिया गांधी
Last Updated on October 27, 2020 by
नई दिल्ली। बिहार चुनावों के पहले चरण की वोटिंग बुधवार को होनी है। इसके पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) ने बिहार की जनता के नाम एक संदेश दिया है। राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने मंगलवार को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी का वीडियो संदेश ट्वीट किया जिसमें उन्होंने कहा है, ‘बिहार में सत्ता और उसके अहंकार में डूबी (एनडीए) सरकार की ना करनी अच्छी है, ना कथनी।’ राहुल ने अपने ट्वीट के साथ लिखा कि बदलाव की बयार है। कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी जी का बिहार की जनता के नाम संदेश आपसे साझा कर रहा हूं। नए बिहार के लिए एकजुट होकर महागठबंधन को जिताने का समय है।
दिल्ली और बिहार की सरकारें बंदी सरकारें हैं
‘बदलाव की बयार है।’
कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी जी का बिहार की जनता के नाम संदेश आपसे साझा कर रहा हूँ।
नए बिहार के लिए एकजुट होकर महागठबंधन को जीताने का समय है। pic.twitter.com/ptmzjEjQuh
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 27, 2020
सोनिया गांधी अपने इस वीडियो में आगे कहती हैं कि मजदूर आज मजबूर है, किसान आज परेशान है। नौजवान आज निराश हैं। अर्थव्यवस्था की नाजुक स्थिति लोगों के जीवन पर भारी पड़ रही है। धरती के बेटों पर आज गंभीर संकट है। दलितों और महादलितों को बेहाली के कगार पर लाकर छोड़ दिया गया है। सोनिया ने कहा कि बिहार की जनता की आवाज कांगेस महागठबंधन के साथ है। यही है आज बिहार की पुकार। दिल्ली और बिहार की सरकारें बंदी सरकारें हैं। नोटबंदी, तालाबंदी, व्यापारबंदी, आर्थिक बंदी, खेत-खलिहान बंदी, रोटी-रोजगार बंदी। इसीलिए बंदी सरकार के खिलाफ- अगली नस्ल और अगली फसल के लिए एक नए बिहार के निर्माण के लिए, बिहार की जनता तैयार है। अब बदलाव की बयार है। क्योंकि बदलाव जोश है, ऊर्जा है, नई सोच है और शक्ति है। अब नई इबारत लिखने का समय आ गया है। बिहार की जनता से मेरी अपील है कि वो महागठबंधन के उम्मीदवारों को वोट दें और नए बिहार का निमार्ण करें।
यह भी पढ़ें: विजयादशमी पर #Punjab में जलाया गया PM मोदी का पुतला; नड्डा ने बताया राहुल निर्देशित ड्रामा!
बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के तहत जिन 71 विधानसभा क्षेत्रों में 28 अक्टूबर को मतदान होना है, उनके लिए सोमवार की शाम प्रचार समाप्त हो गया। बिहार विधानसभा के प्रथम चरण के चुनाव प्रचार के दौरान प्रदेश में सत्ताधारी राजग का नेतृत्व कर रहे पीएम नरेंद्र मोदी ने तीन रैलियों को संबोधित की जहां उन्होंने मतदाताओं से सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में फिर से राजग की सरकार बनाने का अपील की। बिहार के विपक्षी महागठबंधन में शामिल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी प्रथम चरण में दो रैलियों को संबोधित किया। उनकी पार्टी कांग्रेस लालू प्रसाद की राजद और तीन वाम दलों के साथ मिलकर यह चुनाव लड़ रही है।