-
Advertisement
हिमाचल के छह बार सीएम रह चुके वीरभद्र सिंह का आज 88वां जन्मदिन, जयराम ने दी बधाई
Last Updated on June 23, 2021 by Vishal Rana
शिमला। हिमाचल के छह बार सीएम रह चुके वीरभद्र सिंह( Virbhadra Singh) का आज 88वां जन्मदिन है। पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह इन दिनों आईजीएमसी (IGMC) में उपचाराधीन है । इस बार उनके जन्मदिन पर कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। कांग्रेस उनके जन्मदिन को सेवा भाव के रूप मना रही है। पूर्व सीएम के बेटे और शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्य सिंह( Vikramaditya Singh) ने भी लोगों से हॉली लॉज ना आने की अपील की है और घरों से वीरभद्र सिंह के जल्द स्वस्थ होने की दुआएं करने का आग्रह किया है। विक्रमादित्य ने पिता वीरभद्र सिंह के जन्मदिन पर उन्हें बधाई देते हुए लिखा है.आपको जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं, आपका आशीर्वाद हम सब पर सदैव बना रहे, ईश्वर ये सही कामना है। राजा नहीं फकीर है, हिमाचल की तकदीर हैं, दिलों के राजा को जन्मदिन की हार्दिक बधाई…
सीएम जयराम ठाकुर ने भी ट्वीट कर पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह को बधाई देते हुए मां भीमाकाली से उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु होने की कामना की है।
हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कोंग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री वीरभद्र सिंह जी को जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएं।
माँ भीमाकाली जी का आशीर्वाद आप पर सदैव बना रहे।
आप स्वस्थ एवं दीर्घायु हों, माता रानी से यही कामना करता हूं। pic.twitter.com/U2wg9hMIV2
— Jairam Thakur (@jairamthakurbjp) June 23, 2021
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने भी बधाई दी है और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की है। जाहिर है कोरोना संक्रमण से उबरने के कुछ दिनों बाद 11 जून को वीरभद्र सिंह फिर से पॉजिटिव पाए गए थे। अभी उनके स्वास्थ्य में काफी सुधार है और अब उन्हें कोविड वार्ड से स्पेशल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।
कांग्रेस ने लगाया रक्तदान शिविर
कोरोनाकाल के चलते इस बार पूर्व सीएम के कोई बड़ा कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया। शहर में रक्तदान शिविर और अस्पतालों में मरीजों को फल बांटकर कांग्रेस के नेताओं ने उनका जन्मदिन मनाया। कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में युवा कांग्रेस द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसके अलावा उनके जन्मदिन पर अर्की विधानसभा और शिमला ग्रामीण विधानसभा के लिए एक-एक एंबुलेंस, ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर और कोविड किट विधायक विक्रमादित्य सिंह द्वारा भेजी भेजी गई। विधायक विक्रमादित्य सिंह ने एंबुलेंस को हरी झंडी देकर रवाना किया।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group