-
Advertisement
पेड़ के नीचे बैठने वाले वैद्य से घुटनों का इलाज करवा रहे हैं धोनी
Last Updated on July 1, 2022 by saroj patrwal
क्रिकेट स्टार महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) इन दिनों घुटनों के दर्द से परेशान हैं और इसका इलाज वह रांची के एक सुदूर गांव में पेड़ के नीचे बैठकर मरीजों को देखने वाले वैद्य से करवा रहे हैं। जंगली जड़ी-बूटियों की मदद से पारंपरिक तौर पर इलाज करने वाले वैद्य बंधन सिंह खरवार का कहना है कि वह प्रत्येक मरीज की तरह धोनी से भी दवा की एक खुराक के लिए 40 रुपए चार्ज करते हैं। वैद्य बंधन सिंह खरवार रांची से लगभग 70 किलोमीटर दूर लापुंग थाना क्षेत्र के कातिंगकेला में पिछले 28 वर्षों से पेड़ के नीचे तिरपाल का टेंट लगाकर कई तरह की बीमारियों का इलाज करते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले एक महीने से हर चार दिन के अंतराल पर धोनी आकर दवा की खुराक लेने पहुंचते हैं। दरअसल वैद्य जी हड्डियों की बीमारी के इलाज के लिए जो दवा तैयार करते हैं, उसे मरीजों के लिए घर ले जाने की सुविधा नहीं है।
ये भी पढ़ेः चिट्ठी ले जाने के लिए क्यों कबूतर का किया जाता था इस्तेमाल, यहां जानें वजह
धोनी से पहले उनके माता-पिता ने इस वैद्य से इलाज कराया था। उन्हें राहत मिली तो धोनी भी वहां पहुंचे। वैद्य बंधन सिंह खेरवार ने कहा कि वह शुरू में ना तो धोनी के माता-पिता को पहचानते थे और ना ही पहली बार में धोनी को पहचान पाये। उन्होंने भी अपने बारे में कुछ नहीं बताया। जब आस-पास के युवाओं ने उनके साथ फोटो के लिए भीड़ लगायी तब उन्हें इसकी जानकारी हुई। वैद्य के अनुसार, धोनी बिना किसी तामझाम के सामान्य मरीज की तरह आते हैं। उनमें बड़ा आदमी होने का कोई गुरुर नहीं है। हालांकि अब हर चार दिन में धोनी के यहां पहुंचने की खबर से उनके फैन्स की काफी भीड़ जुटने लगी है। इसलिए अब वह गांव पहुंचकर गाड़ी में ही बैठते हैं, जहां उन्हें दवा की खुराक दी जाती है। पिछले एक महीने के दौरान गांव के कई लोगों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाई हैं।
-आईएएनएस