-
Advertisement
किरतपुर-मनाली हाईवे पर HPTDC खोलेगा तीन VIP होटल
शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC) जल्दी ही किरतपुर-मनाली फोर लेन राजमार्ग के किनारे तीन अतिविशिष्ट होटल (Vip Hotel) खोलेगा। इससे पर्यटकों और अन्य यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं प्राप्त होंगी। ये होटल आधुनिक सुविधाओं से सुस्सजित होंगे और इसका उद्देश्य राज्य में पर्यटकों को बेहतरीन अनुभव प्रदान करना है। परियोजना पर अमल के लिए सलाहकार अध्ययन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री रविवार शाम ओक ओवर (Oak Over) में हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC) की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि फोर लेन राजमार्ग के आरम्भ होने से क्षेत्र में पर्यटकों की आमद में अभूतपूर्व वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटकों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराएगी ताकि उन्हें प्रदेश में यात्रा का सुखद अनुभव प्राप्त हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन के बुनियादी ढांचे और सेवाओं के विस्तार से न केवल पर्यटन व्यवसाय को संबल मिलेगा, बल्कि स्थानीय आबादी के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
खुलेंगे 3 नए पर्यटन पुलिस स्टेशन
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कैबिनेट (Himachal Cabinet) की बैठक में किरतपुर-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ बिलासपुर जिला के बगेड़, मंडी जिला के नेरचौक और कुल्लू जिला के भुंतर में तीन नए राजमार्ग-सह-पर्यटन पुलिस स्टेशन (Tourist Police Station) स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि इन पुलिस स्टेशनों को क्रियाशील करने के लिए कर्मचारियों की आवश्यक भर्ती भी की जाएगी, जिसका उद्देश्य पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
