-
Advertisement
शिमला में कांग्रेस नेताओं ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को अर्पित किए श्रद्धासुमन
former PM Manmohan Singh: पूर्व पीएम मनमोहन सिंह (former PM Manmohan Singh)के निधन पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय शिमला( Congress headquarter Shimla) में शोक सभा आयोजित की गई, जिसमें विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया (Kuldeep Singh Pathania)सहित अन्य कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्त्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस नेताओं ने पूर्व पीएम द्वारा देश में किए गए आर्थिक सुधारों के लिए मनमोहन सिंह के योगदान को याद करते हुए उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह (Dr. Manmohan Singh)एक महान व दूरदर्शी नेता थे, उनका देहावसान राष्ट्र व दुनिया के लिए एक बड़ी क्षति है। डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में भारत ने विभिन्न क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की। उनकी नीतियों और कार्यक्रमों के फलस्वरूप देश ने विश्वभर में एक नई पहचान बनाई। डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल के दौरान देश में आर्थिक उदारीकरण की नीतियां लागू की गई, जिससे विदेशी निवेश को बढ़ावा मिला। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान कई ऐतिहासिक निर्णय लिए, जिससे भारतीय समाज और अर्थव्यवस्था में सकारात्मक बदलाव आए हैं।
विंटर कार्निवाल के सभी कार्यक्रम 1 जनवरी तक स्थगित
पूर्व पीएम के निधन के चलते देशभर में सात दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। इस बीच नगर निगम शिमला की ओर से भी शिमला विंटर कार्निवाल के सभी कार्यक्रम 1 जनवरी तक स्थगित कर दिए गए हैं। मेयर सुरेंद्र चौहान (Mayor Surendra Chauhan)ने बताया कि इस दौरान ना तो किसी सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा और ना ही शहर में कोई जश्न मनाया जाएगा। शिमला विंटर कार्निवाल की शुरुआत 24 दिसंबर से हुई थी और यह दो जनवरी तक चलना है। सुरेंद्र चौहान ने कहा कि डॉ. सिंह का जाना ना केवल भारत देश बल्कि पूरे विश्व के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। उनके नेतृत्व में भारत ने आर्थिक सुधारों का एक नया अध्याय लिखा था। कांग्रेस परिवार के लिए भी यह बहुत बड़ी क्षति है। आज भारतीय राजनीति में एक युग का अंत हो गया है। उनकी दूरदर्शिता, सरलता और नीतिगत कुशलता ने भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी और वैश्विक स्तर पर भारत का मान बढ़ाया है।

