जम्बुकेश्वर मंदिर के पास खुदाई में निकला सोने के सिक्कों से भरा घड़ा, देखकर हर कोई हैरान
Update: Friday, February 28, 2020 @ 10:20 AM
तिरुचिरापल्ली। हमारे देश में कई ऐसे स्थान हैं जहां खुदाई आदि करने पर पुरातत्व के कुछ अवशेष मिलते रहते हैं जो हमें हैरान भी करते हैं। तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले के थिरुवनाईकवल स्थित जम्बुकेश्वर मंदिर (Jambukeshwar temple) के पास खुदाई के दौरान एक तांबे का घड़ा (Copper pot) मिला। जब घड़े को खोल कर देखा गया तो इसके अंदर सोने के सिक्के भरे हुए थे। जमीन के अंदर मिले घड़े में कुल 505 सिक्के थे, जिनका वजन 1.716 किलो है।
जैसे ही मंदिर प्रशासन को इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घड़े को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। मंदिर अधिकारी ने बताया कि 505 सिक्कों में से 504 सिक्के सामान आकार के हैं, जबकि एक अन्य सिक्का बाकी से बड़ा है। मंदिर प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि इस मंदिर का निर्माण करीब 1800 साल पहले हुआ था।
मंदिर के पास जब खुदाई की गई तो करीब 7 फीट नीचे कुछ टकराने की आहट हुई। निकालने पर पता चला वह एक तांबे का घड़ा था, जिसके अंदर सोने के सिक्के भरे हुए थे। इन सिक्कों पर अरबी लिपि के अक्षर भी लिखे हुए हैं। अंदाजा लगाया जा रहा है ये सिक्के 10वीं 12वीं शताब्दी के हो सकते हैं। सिक्कों के बारे में पूरी जानकारी के लिए स्टेट आर्कलॉजिकल डिपार्टमेंट को इस बात की सूचना दी गई है।