- Advertisement -
चंबा। जिला में गुरुवार को एक के बाद एक कई हादसों ने पूरी तरह से हिला कर रख दिया। कहीं आग के कहर ने लोगों से छत छीन ली तो वहीं एक व्यक्ति ने फंदा लगाकर मौत को गले लगा लिया। चंबा में सुबह सवेरे हुई इन दोनों घटनाओं से अभी लोग उभरे भी नहीं थे कि चंबा के साथ लगती बाट पंचायत में बंदरों के झुंड ने दो मासूमों को बुरी तरह से नोच दिया।
बहरहाल पहला हादसा ब्रड़ग्राम पंचायत के कुठार गांव में हुआ जहां आग ने तीन दुकानों के साथ-साथ एक मकान को पल भर स्वाह कर दिया। गौर रहे कि सर्द मौसम में आग भी अपना कहर बरपा रही है। ऐसे में प्रभावितों के सिर पर छत प्रदान करना सबसे पड़ी चुनौती होता है।
आग का यह तांडव जिला के बड़ग्राम पंचायत मचा, यहां पर देखते ही देखते तीन दुकानें व एक मकान जल कर स्वाहा हो गए। जानकारी के अनुसार गुरुवार को ब्रड़ग्राम पंचायत के कुठार गांव में सुबह छह बजे आग लगने से बूटा राम, अर्जुन सिंह व चतरू राम की दुकानें व तुलसी राम का मकान जल गए। इससे घर व दुकानों में रखा लगभग 20- 25 लाख रुपए का सामान जल गया है। स्थानीय लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से क्षेत्र से संबंधित पटवारी को प्रभावितों को राहत प्रदान करने व आग से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए भेजा है।
उधर, जिला के बंदरों ने अब हिसंक रूप अख्तियार कर लिया है। पहले बंदर लोगों के घरों में घुस कर खाने की वस्तुओं के साथ-साथ दूसरी चीजों को उठाते थे, लेकिन अब यही बंदर घर में अकेले बच्चों पर हमला कर उन्हें लहूलुहान कर रहे हैं। ताजा मामला बेहद दुखद और गमगीन करने वाला है। जिला मुख्यालय के साथ लगती बाट पंचायत में बंदरों के एक झुंड में एक घर पर धावा बोल दिया। इससे पहले लोग उन्हें यहां से खदेड़ते, देखते ही देखते बंदर एक रिहायशी घर में घुस गए और वहां पर उत्पात मचाना शुरू कर दिया। इतने में घर के अंदर खेल रहे दो नन्हें बच्चों पर बंदरों ने अचानक हमला कर दिया। जब बच्चों के चिल्लाने की आवाज लोगों ने सुनीं तब जाकर शोर मचाया गया और दोनों बच्चों को बंदरों से मुक्त करवाया गया। बताया जा रहा है कि बंदरों ने बच्चों के शरीर पर एक के बाद एक कई घाव किए हैं। परिजन दोनों बच्चों को आनन-फानन में क्षेत्रीय अस्पताल चंबा ले आए, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। दोनों बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है और वह अस्पताल में उपचाराधीन हैं। एक अन्य मामले में साहू में एक व्यक्ति ने फंदा लगा लिया। हालांकि उसने ऐसा क्यों किया पुलिस इसकी जांच कर रही है। क्षेत्रीय अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।
- Advertisement -