- Advertisement -
government : शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि पार्टी छोड़कर कोई बीजेपी में नहीं गया, केवल वह लोग गए हैं, जिन्हें धक्के देकर संगठन से निकाला गया, वही बीजेपी में गए। उन्होंने कहा कि जो लोग विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खिलाफ लड़े थे, वह भी बीजेपी में नहीं गए, इससे समझा जा सकता है कि प्रदेश में कांग्रेस कितनी मजबूत है। विधानसभा चुनाव में संगठन की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे अभी से नगर निगम और विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिए जुट जाएं। सुक्खू आज यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष रितेश कपरेट द्वारा कार्यभार ग्रहण करने के मौके पक बोल रहे थे।
सुक्खू ने कहा कि जब उन्होंने साढ़े चार वर्ष पहले पदभार ग्रहण किया था, उस वक्त कहा था कि भविष्य की राजनीति बदल रही है और यह इस दौरान हुआ है। संगठन में 80 फीसदी तक नए कार्यकर्ता आए हैं और संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं के इसमें तरजीह दी गई है और काडर से जुड़े लोगों के ही जिम्मेदारी दी गई है।
उनका कहना था कि संगठन में लोग आते-जाते हैं, लेकिन संगठन हमेशा जिंदा रहता है और आज इसमें वे लोग आए हैं, जो कैडर से जुड़े हैं। सुक्खू ने कहा कि नगर निगम और विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और ऐसे में संगठन की भूमिका अहम हो जाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जीत का लक्ष्य लेकर चलें तो जीत अवश्य मिलेगी। हां, रास्ते में भटकाने वाले भी मिलेंगे, लेकिन इनसे विचलित नहीं होना है और लक्ष्य की ओर बढ़ना है। उनका कहना था कि पिछले वर्षों में कांग्रेस संगठन मजबूत हुआ है और पोलिंग बूथ पर कार्यकर्ताओं की टीम बनाई जा रही है।
सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में सीएम वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में मजबूत सरकार कार्य कर रही है और इस सरकार ने कई लोक प्रिय निर्णय लिए हैं और भारी विकास किया है। विकास के कार्यों को जनता के बीच ले जाना संगठन का काम है और वे इसे बखूबी निभाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था और उसे पूरा किया है।
अब सरकार किसानों के लिए और कार्य करेगी और जमीन के अंदर और बाहर जो भी उत्पादन होगा, उसका न्यूनतम समर्थन मूल्य तय करेगी। यह आने वाले विधानसभा चुनाव में मुख्य मुद्दा होगा। उन्होंने नव नियुक्त कार्यकारी जिलाध्यक्ष से कहा कि उनके कंधों पर भारी जिम्मेदारी है और सभी के सहयोग से पार्टी को आगे बढ़ाना है।
इस मौके पर नवनियुक्त कार्यकारी जिलाध्यक्ष रितेश कपरेट ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वह बाखूबी निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि आज वे पदभार संभाल रहे हैं और जल्द ही जिला की बड़ी बैठक की जाएगी। इसमें सीएम वीरभद्र सिंह और जिले के अन्य सभी बड़े नेता हिस्सा लेंगे।
- Advertisement -