ऐलानः हिमाचल में चारों सीटों पर चुनाव लड़ेगी आप
Update: Wednesday, October 24, 2018 @ 11:59 AM
शिमला। लोकसभा चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी अब हिमाचल में सक्रीय हो गई है। आप प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। लोकसभा चुनावों को देखते हुए आप ने प्रदेश कार्यकारिणी का गठन कर दिया है। हिमाचल प्रदेश की कमान निक्का सिंह पटियाल को सौंपी है। निक्का सिंह को प्रदेश का संयोजक नियुक्त किया गया है। जबकि प्रदेश में चार उपाध्यक्ष बनाएं गए हैं। सचिव व अन्य पदाधिकारी की 18 सदस्यीय कार्यकारिणी बनाई है।

शिमला पहुंचे आम आदमी पार्टी के हिमाचल प्रभारी किशोर झा ने कहा कि लोकसभा चुनावों में पार्टी अपनी स्थिति मज़बूत करेगी और तीसरे विकल्प के रूप में उभरेगी। भ्रष्टाचार व जनता का हर मुददा आप का मुद्दा रहेगा। उन्होंने कहा की पार्टी प्रदेश में सदस्य अभियान शुरू कर प्रदेश की जनता को अपने साथ जोड़ेगी और जनहित के मुद्दों को लेकर प्रदेश की जनता के बीच जाएगी। इसके अलावा केंद्र और प्रदेश सरकार की जन विरोधी नीतियों का भी विरोध करेगी। वहीं, आम आदमी पार्टी के हिमाचल नवनियुक्त संजोजक निक्का सिंह ने कहा की प्रदेश में जल्द ही पार्टी सदस्यता अभियान शुरू करेगी। उन्होंने कहा की दिल्ली की तरह हिमाचल में भी संगठन को मजबूत किया जाएगा और यहां भ्रष्टाचार मुक्त शासन देने का प्रयास किया जाएगा।