- Advertisement -
नाहन। पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ दीवारों पर अपशब्द लिखने के मामले में युवा कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने देशद्रोह की धारा हटा दी है। अब पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और आईपीसी 426 के तहत मामला दर्ज किया है।
बता दें कि पीएम के खिलाफ सार्वजनिक दीवारों पर अपशब्द लिखे जाने के बाद पुलिस ने धारा 124(ए) के तहत मामला दर्ज किया था। इस मामले में शनिवार को युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव ओपी ठाकुर को गिरफ्तार किया गया। ओपी चौहान की गिरफ्तारी की खबर के बाद युकां प्रदेश अध्यक्ष मनीष ठाकुर समेत जिलाभर से सैकड़ों कार्यकर्ता नाहन पहुंचे और सदर पुलिस थाना के बाहर पुलिस प्रशासन और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। यहां से सैकड़ों कार्यकर्ता दिल्ली गेट होते हुए कांग्रेस भवन में जुटे।
युवा कांग्रेस ने नारेबाजी करते हुए देशद्रोह की धारा हटाने की बात कही और युकां पदधिकारी पर देशद्रोह की धारा लगाने को लेकर इसे बीजेपी की साजिश करार दिया। युकां ने साफ किया कि इस मामले में देशद्रोह की धारा लगाना उचित नहीं है। यदि इसे नहीं हटाया गया तो कांग्रेस प्रदेश में उग्र प्रदर्शन करेगी।
कांग्रेस भवन नाहन में इस मामले में घंटों तक चर्चा चली और युवा कांग्रेस देशद्रोह की धारा हटने की इंतजार करते रहे। आखिरकार पुलिस प्रशासन प्रदर्शनकारियों के आगे बैकफुट पर आ गया है। उधर, मामले की पुष्टि एएसपी वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने की है। उन्होंने कहा कि 124 (ए) हटा दी गई है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 426 के साथ सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का केस दर्ज किया गया है।
- Advertisement -