- Advertisement -
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश पर शनिवार को जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir) में जमात-ए-इस्लामी के 70 से अधिक बैंक खातों का पता चला है, जिन्हें सील कर दिया गया है। जम्मू एवं कश्मीर के किश्तवाड़ (Kishtwar) में भी जमात के खिलाफ छापेमारी हुई है। इस दौरान 52 करोड़ रुपये जब्त किए जाने की सूचना है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय (Home ministry) ने गुरुवार को एक अधिसूचना जारी कर जमात-ए-इस्लामी पर पांच साल के लिए प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी। इसमें कहा गया कि जमात-ए-इस्लामी (Jamaat e islami) आंतरिक सुरक्षा और व्यवस्था के लिए खतरा पैदा करने वाली गतिविधियों में शामिल रहा है, इसलिए इसे प्रतिबंधित किया जाता है। यहां उल्लेखनीय है कि कश्मीर घाटी में जमात के 400 स्कूल, 350 मस्जिदें और 1000 सेमिनरी हैं।
अब 200 से ज्यादा सदस्यों को पकड़ा
इससे पहले शुक्रवार को जमात के कई ठिकानों पर छापेमारी कर कई नेताओं को हिरासत में लिया गया था। जमात और उसके नेताओं के खिलाफ गैर कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी Unlawful Activities (Prevention) Act के तहत कार्रवाई की जा रही है। बताया जाता है कि इसके तहत 200 से ज्यादा सदस्यों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। जमात के खिलाफ कार्रवाई में जुटे अधिकारियों का कहना है कि इसके पास 4,500 करोड़ रुपये की संपत्ति होने का अनुमान है। हालांकि यह वैध है या अवैध, इस बारे में जांच के बाद ही पता चल पाएगा।
- Advertisement -