- Advertisement -
भावानगर। जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्र में पानी के नल जम गए हैं। लोग बर्फ पिघला कर पानी का गुजारा कर रहे हैं। किन्नौर जिले की भावावैली को जोड़ने वाली काफनू-बांगतू संर्पक मार्ग में सोमवार को वाहनों की आवाजाही बंद रही। यातायात व्यवस्था बंद रहने से कई लोगों को भारी परेशानी से दो-चार होना पड़ा। जिले के नीचले क्षेत्र में भी दिन भर बिजली के कट लगते रहे। इसके अलावा निचार, बरी व छोटा कंबा सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बंद रही है। किन्नौर जिले में नेशनल हाई-वे में वाहनों की आवाजाही जिला मुख्यालय रिकांगपिओ तक सुचारू रूप से होती रही। बर्फबारी बाद कई जगह पानी के नल टूट गए हैं। जिले के निचले क्षेत्र के काफनू, निचार, बरी, सुंगरा, पौंडा, रूपी, नाथपा, उरनी, चगांव व युला सहित अन्य गांवों में सोमवार सायं साढ़े 4 बजे तक 6 ईंच बर्फ पड़ गई थी। यहां सोमवार को बर्फ रूक-रूक कर पड़ती रही। लोग बर्फ के बाद अपने दिन भर अपने घरों में ही दुबके रहे।
नाहन। सिरमौर जिला के ऊपरी क्षेत्र में हुई ताजा बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। आज हुई बर्फबारी के कारण सभी संपर्क मार्ग यातायात के लिए फिर से बाधित हो गए हैं। क्षेत्र की दर्जनों पंचायत के पहले से ही अंधेरे में डूबी हुई हैं, वहीं कई संपर्क मार्ग अभी तक बहाल नहीं हो पाए थे। अब इन सड़क मार्गो को बहाल होने में और लंबा समय लग सकता है। लोगों का कहना है कि समस्या को लेकर स्थानीय प्रशासन सरकार गंभीर नही है हालात यह पैदा हो गए है की लोग सड़कें बंद होने कारण खाने पीने का सामान भी घर तक नहीं पहुंचा पा रहा है।
चंबा। भारी बारिश और बर्फबारी के चलते चंबा जिला में अभी तक 11 करोड़ 53 लाख रुपये की राशि के नुकसान का आकलन किया जा चुका है। उपायुक्त सुदेश मोख्टा ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते 24 घंटों के दौरान लोक निर्माण विभाग को 3 करोड़ 38 लाख का नुकसान हुआ है और अब इस तरह जिले में सड़कों को 9 करोड़ 46 लाख रुपये का नुकसान हो चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि 1 जनवरी से लेकर अब तक 5 व्यक्तियों की जाने जा चुकी हैं। 3 मकानों को पूर्ण रूप से नुकसान पहुंचा और इस नुकसान का आकलन 5 लाख से ज्यादा का किया गया है।
शिमला। मुख्य सचिव वीसी फारका ने आज यहां सम्बन्धित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ताजा बर्फबारी के बाद प्रदेश में सड़क, पानी तथा बिजली की आपूर्ति की बहाली की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बर्फबारी के कारण अस्थाई तौर पर बंद सभी सड़कों को खोलने और पानी तथा बिजली की आपूर्ति को शीघ्र पुनःबहाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने आम आदमी को बर्फबारी के कारण होने वाली परेशानी के लिए सड़क के दोनों तरफ से बर्फ हटाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर यातायात के नियमित आवाजाही के दृष्टिगत सड़कों से सभी तरह की बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए। मुख्य सचिव ने कहा कि आवश्यक सेवाओं से सम्बन्धित सभी विभागों को प्राथमिकता के आधार पर सेवाएं बनाए रखने के लिए अतिरिक्त स्टाफ की निरन्तर तैनाती के निर्देश दिए गए।
मंडी। डीसी संदीप कदम ने आज यहां कार्यालय वीडियो कांफ्रेंस कक्ष में सभी विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की और जिला के ऊपरी क्षेत्रों में हिमपात के उपरांत आवश्यक आधारभूत सुविधाएं सुचारू करने के कार्यों की समीक्षा की। वीडियो कांफ्रेस के माध्यम से सभी उपमंडल स्तर से अधिकारियों ने इसमें भाग लिया। संदीप कदम ने कहा कि मंडी जिला के ऊपरी क्षेत्रों में हुए हिमपात के उपरांत आवश्यक सेवाएं बहाल करने के लिए सभी विभाग कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति, सड़क यातायात तथा पेयजल आपूर्ति सुचारू करने को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की जा रही है।
- Advertisement -