- Advertisement -
मंडी। हिमाचल प्रदेश के लाल अमन कुमार ने इन दिनों मलेशिया में धमाल मचाया हुआ है। दरअसल प्रदेश मंडी जिले के रहने वाले युवा चित्रकार अमन के चित्रों को मलेशिया की राजधानी कुआलालम्पुर में लगी प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया गया। इसी साल अमन यूक्रेन और स्लोविनिया में भी अपनी पेंटिंग्स की प्रदर्शनी लगा चुके हैं।
बता दें कि कुछ दिन पहले वॉटर कलर पेंटिंग को लेकर ऑनलाईन वर्ल्ड कम्पीटिशन हुआ। इसमें अमन ने भी भाग लिया और उसकी पेंटिंग्स को विश्व स्तर की प्रदर्शनी के लिए सिलेक्ट किया गया। इसके बाद अमन मलेशिया गए जहां पर चार दिनों तक चली प्रदर्शनी में अपनी पेंटिंग्स को प्रदर्शित किया। प्रदर्शनी में अमन की बनाई हुई दो पेंटिंग्स प्रदर्शित हुई जिसमें उन्होंने हिमाचली परिवेश की झलक को विश्व पटल पर पेश किया। अमन ने बताया कि उन्हें विश्व के कई नामी चित्रकारों से मिलने का मौका मिला और काफी कुछ सीखने को भी मिला।
बता दें कि 26 वर्षीय अमन कुमार मंडी शहर के थनेहड़ा मुहल्ले का रहने वाला है। अमन कुमार के पिता राजेश कुमार शिक्षक और जाने-माने चित्रकार हैं। राजेश कुमार ने बताया कि अमन को बचपन से ही पेंटिंग का शौक था और जब भी वह पेंटिंग करते तो अमन उसे ध्यान से देखकर सीखता रहता। स्कूल और कालेज टाईम में अमन ने पेंटिंग में कई ईनाम जीते। आज राजेश को इस बात पर गर्व महसूस हो रहा है कि उसका बेटा विश्व स्तर पर अपनी एक अलग पहचान बनाता जा रहा है। अमन ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। अमन का कहना है कि पेंटिंग उनका जुनून बन चुका है और वह इस क्षेत्र में और आगे जाना चाहते हैं।
- Advertisement -