- Advertisement -
नई दिल्ली। राजस्थान में बीजेपी की लगातार कमजोर पड़ती हालत के बीच पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सीएम वसुंधरा राजे को बड़ा झटका दिया है। शाह ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को राजस्थान के लिए विधानसभा चुनाव प्रबंधन समिति का संयोजक नियुक्त किया है।
अमित शाह का यह फैसला राजस्थान में बीजेपी की हार का कारण भी बन सकता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि वसुंधरा शेखावत को बिल्कुल पसंद नहीं करतीं। इससे पहले बीजेपी आलाकमान शेखावत को राजस्थान में पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाना चाहता था, लेकिन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने ये होने नहीं दिया। पर अब शेखावत सीएम की इच्छा के खिलाफ राज्य में चुनाव प्रक्रिया का हिस्सा होंगे। पार्टी का ये कदम राजस्थान में नाराज राजपूतों को साधने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।
पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल सैनी को भी बड़ी जिम्मेदारी दी है। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने उन्हें 16 सदस्यीय पैनल का नेतृत्व करने की ज़िम्मेदारी दी है। ये पैनल आने वाले राजस्थान विधानसभा चुनावों के बारे में सभी महत्वपूर्ण निर्णय लेगा। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे इस पैनल के सदस्यों में से एक हैं, जबकि केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और राजस्थान भाजपा प्रवक्ता सतीश पूनिया पैनल के सह संयोजक बनाए गए हैं।
आपको बता दें कि वसुंधरा राजे के वफादार अशोक परनामी ने 16 अप्रैल को राजस्थान के भाजपा अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था, क्योंकि पार्टी राज्य में दो लोकसभा सीटों और एक विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में हार के बाद संगठन में कुछ बदलाव करना चाहती थी।
- Advertisement -