-
Advertisement
Antarctica में 20° सेल्सियस से अधिक दर्ज हुआ तापमान, 38 साल का टूटा रिकॉर्ड
Last Updated on February 14, 2020 by Deepak
साओ पाउलो। आज के दौर में दुनियाभर के सभी देशों के लिए जलवायु परिवर्तन एक बड़ा मसला है। दरअसल वक्त बीतने के साथ ही साथ दुनिया में गर्मी बढ़ती जा रही है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दक्षिण ध्रुव अंटार्कटिका (Antarctica) में पहली बार तापमान 20° के पार (20.75° सेल्सियस) पहुंच गया। रिपोर्ट्स के अनुसार अंटार्कटिका स्थित सेमूर द्वीप पर ब्राज़ीली वैज्ञानिकों ने 9 फरवरी को 20.75 डिग्री सेल्सियस तापमान (Temperature) रिकॉर्ड किया जिसने 38 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
इससे पहले जनवरी 1982 में साइनी द्वीप पर 19.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ था। इससे पहले अर्जेंटीनियाई रिसर्च बेस ने 6 फरवरी को अंटार्कटिका प्रायद्वीप पर सर्वाधिक तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया था। ब्राजीलियाई शोधकर्ता कार्लोस शिफर ने कहा कि रिकॉर्ड तापमान किसी अध्ययन का हिस्सा नहीं है। इसलिए इसका उपयोग किसी भविष्यवाणी के लिए नहीं किया जाएगा। वह बोले, हम कई द्वीपों पर वॉर्मिंग ट्रेंड्स देख रहे हैं। साउथ शेटलैंड आइलैंड और जेम्स रॉस द्वीपों में 20 सालों में तापमान में काफी उतार-चढ़ाव देखा गया है। वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिण ध्रुव में तापमान में इजाफा समुद्री जलधाराओं और अल नीनो प्रभाव के चलते हो सकता है। इस समय वायुमंडल में जलवायुवीय बदलाव देखे जा रहे हैं, इनसे भी ध्रुवों का तापमान बढ़ सकता है।