- Advertisement -
नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर को पीएम नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में प्रमोशन मिला है। केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार (Union Cabinet expansion) में आज 43 नेताओं ने शपथ ग्रहण की। अनुराग ठाकुर ने भी कैबिनेट मंत्री (Cabinet Minister) के रूप में शपथ ले ली है। वर्तमान में अनुराग के पास राज्य मंत्री के तौर पर वित्त और कॉरपोरेट मामले मंत्रालय था। बताया जा रहा है कि अनुराग को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए यह तोहफा मिला है। अनुराग ठाकुर के शपथ ग्रहण समारोह में धर्मपत्नी शैफाली ठाकुर भी मौजूद रहीं।
हिमाचल के पूर्व सीएम प्रो. प्रेम कुमार धूमल के पुत्र अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) पिछली मोदी सरकार में लोकसभा में मुख्य सचेतक बनाए गए थे। उन्होंने लगातार चौथी बार लोकसभा का चुनाव जीता है। अनुराग भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बीसीसीआई के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्हें सर्वश्रेष्ठ सांसद का भी अवॉर्ड मिल चुका है। अनुराग हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रहे। पिता प्रेम कुमार धूमल के सीएम बनने पर खाली हुई सीट के उपचुनाव में अनुराग ने पहली बार जीत दर्ज की थी। वर्ष 2008 में हुए उपचुनाव में अनुराग ठाकुर पहली बार जीते। इसके बाद 2009, 2014 और अब वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में अनुराग ने चौथी बार जीत हासिल की। अनुराग ठाकुर वर्तमान में 17वीं लोकसभा में सांसद निर्वाचित हुए थे। इससे पूर्व वह 16वीं लोकसभा में चीफ व्हिप रह चुके हैं।
- Advertisement -