Home » देश-दुनिया » देश में गहराया Cash संकट, ATM खाली : RBI ने कहा, जल्द सामान्य हो जाएंगे हालात
देश में गहराया Cash संकट, ATM खाली : RBI ने कहा, जल्द सामान्य हो जाएंगे हालात
Update: Wednesday, April 18, 2018 @ 8:24 PM
ATM out of Cash: नई दिल्ली। नोटबंदी के बाद एक बार फिर देश में Cash का संकट गहरा गया है। देश के कई राज्यों में पिछले कुछ दिनों से ATM में Cash न उपलब्ध होने से फिर नोटबंदी जैसी परेशानी का माहौल बनने लगा है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, गुजरात समेत कई राज्यों में बैंकों और ATM में कैश नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, इन राज्यों से RBI और सरकार को लगातार शिकायतें मिल रही हैं। इससे निपटने के लिए वित्त मंत्रालय ने RBI के अधिकारियों के साथ बैठक की है।

RBI के सूत्रों का कहना है कि अब अर्थव्यवस्था में नकदी की हालत नोटबंदी के पहले वाले दौर से भी बेहतर है, ऐसे में इस संकट की वजह दूसरी है। RBI ने इन राज्यों में Cash की आपूर्ति दुरुस्त करने के लिए कदम उठाए हैं और उम्मीद जताई है कि जल्दी ही हालात सामान्य हो जाएंगे।
उनका कहना है कि नकदी की उपलब्धता में ऐसे उतार-चढ़ाव होते रहते हैं। जैसे यदि किसी राज्य में डिमांड बढ़ जाती है तो दूसरे राज्य में आपूर्ति पर थोड़ा अंकुश लगा दिया जाता है। RBI का कहना है कि असम, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश आदि राज्यों में लोगों के जरूरत से ज्यादा Cash निकालने की वजह से यह संकट खड़ा हुआ है। इन राज्यों में बैसाखी, बिहू और सौर नव वर्ष जैसे त्योहार होने की वजह से लोगों को ज्यादा Cash की जरूरत थी। Cash की कमी पर वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि देश की मुद्रा की स्थिति की समीक्षा की है। देश में पर्याप्त मात्रा में Cash है। बैंको में भी Cash उपलब्ध है।
शादी का कार्ड दिखा कर पैसे निकाल रहे लोग
वहीं, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री शिव प्रताप शुक्ला ने कहा कि Cash की किल्लत दो-तीन दिन में दूर हो जाएगी और देश में Cash की कोई कमी नहीं है। शिव प्रताप शुक्ला ने कहा कि फिलहाल RBI के पास 1,25,000 करोड़ की नगदी है। समस्या बस कुछ असमानता की हालत बन जाने की वजह से हुई है। बता दें कि Cash संकट का सबसे ज्यादा असर उत्तराखंड और बिहार में देखने मिला है यहां ATM में कैश नहीं है। उत्तराखंड के श्रीनगर, रूद्रप्रयाग जैसे पर्वतीय क्षेत्रों में तो कैश को लेकर हवाला भी हो रहा है। कई दुकानदार तो 1000 रुपए Cash देने के बदले 100 रुपए चार्ज कर रहे हैं। वहीं, चम्पावत ज़िला में तो बैंक शादी का कार्ड देखकर खाता धारकों को भुगतान कर रहे हैं।