- Advertisement -
मनामा। बहरीन (Bahrain) के पीएम शेख खलीफा बिन सलमान अल खलीफा (Sheikh Khalifa bin Salman Al Khalifa) का बुधवार को अमेरिका के मायो क्लिनिक अस्पताल में 84 साल की उम्र में निधन (Died) हो गया। दुनिया में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहे प्रिंस खलीफा 1971 से बहरीन के पीएम थे। हाल में ही बहरीन के पीएम इजरायल के साथ शांति समझौता करने के कारण वैश्विक चर्चा में आए थे। उनके निधन पर बहरीन के शाही उच्चाधिकारियों ने शोक व्यक्त किया है।
देश में एक हफ्ते के लिए राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है। इस दौरान बहरीन में राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे। रॉयल पैलेस की तरफ से जारी किए गए बयान में कहा गया कि शेख खलीफा का पार्थिव शरीर स्वदेश वापस लाए जाने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दौरान काफी कम संख्या में लोगों की भागीदारी होगी। कुछ खास रिश्तेदार ही अंतिम संस्कार में हिस्सा लेंगे।
बता दें कि शेख खलीफा का जन्म 24 नवंबर 1935 को हुआ था। वो बहरीन के शाही परिवार से थे। उन्होंने 1970 के बाद से बहरीन के पीएम के रूप में काम किया। 15 अगस्त 1971 को बहरीन की स्वतंत्रता से एक साल पहले शेख खलीफा ने पदभार ग्रहण किया था। 2011 में अरब क्रांति के दौरान भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते उनको हटाने के लिए भी खूब प्रदर्शन हुए थे। प्रिंस खलीफा की ताकत और संपत्ति की झलक इस छोटे से देश में चहुंओर दिखाई पड़ती है। देश के शासक के साथ उनका चित्र कई दशकों तक सरकारी दीवारों की शोभा बढ़ाता रहा। खलीफा का अपना एक निजी द्वीप था जहां वह विदेशी मेहमानों से मुलाकात करते थे।
- Advertisement -