- Advertisement -
मंडी। बल्ह के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे सीएम वीरभद्र सिंह का कंसा चौक पर जोरदार वेलकम किया गया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने उन्हें लड्डुओं से तोला। उद्घाटन व शिलान्यास करने के बाद कंसा में आयोजित संकल्प रैली स्थल पर पहुंचे सीएम का कैबिनेट मंत्री प्रकाश चौधरी ने जोरदार स्वागत किया। उन्होंने सीएम को चांदी का मुकुट भेंट किया इसके साथ ही युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह को भी तलवार भेंट की गई।
इस रैली से स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर और पंचायतीराज मंत्री अनिल शर्मा नदारद रहे। इस अवसर पर प्रदेश युकां अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने संकल्प रैली को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल पर निशाना साधते हुए कहा कि वे कुछ अधिकारियों से मिलकर विकास में अडंगा डालने का षड़्यंत्र रच रहे हैं। इससे पहले सीएम ने बल्ह विस क्षेत्र का दौरा किया और लोगों से विकास कार्य के बारे में जानकारी हासिल ली। सीएम ने गांवों के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को भी सुना। इसके बाद वीरभद्र सिंह ने दाहणू-लखवाण-हवाणू उठाऊ पेयजल योजना का उद्घाटन किया। गौर रहे कि इस पेयजल योजना से क्षेत्र के सैकड़ों लोगों की पीने का पानी उपलब्ध होगा। वीरभद्र सिंह ने एक दिवसीय दौरे के दौरान बल्ह को करोड़ों की सौगातें बांटी।
- Advertisement -