- Advertisement -
रविंद्र चौधरी/ फतेहपुर। बीडीओ फतेहपुर अरविंद गुलेरिया ने कहा कि खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ऑफिसर व कर्मचारियों के प्रति अपने व्यवहार को बदलें। जनता के सामने डांट कर वाहवाही लूटना उनके लिए ही नुकसानदायक है। अगर कोई कमी रह गई है तो ऑफिसर व कर्मचारी को कमरे में डांट लें। या फिर मीटिंग में लताड़ लगा सकते हैं। वह यहां मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि यह मेरे से जुड़ा मुद्दा नहीं, बल्कि सभी ऑफिसर व कर्मचारियों से जुड़ा मुद्दा है। ऑफिसर व कर्मचारी सरकार का फेस होते हैं। अगर उनके प्रति ऐसा व्यवहार रहेगा तो लोगों को विश्वास उनपर से उठेगा। उन्होंने कहा कि कल जो मंत्री जी का व्यवहार उनके साथ रहा है, यह जनता में अच्छा मैसेज लेकर नहीं गया है। ऐसा व्यवहार वहां उपस्थित युवा जोकि प्रतिस्पर्धा के लिए तैयारियां करते हैं, उनके लिए भी प्रेरणादायक नहीं था।
खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर उनके लिए भी आदरणीय हैं, लेकिन उनके व्यवहार से उनकी अपेक्षा टूटी है। मंत्री जी का व्यवहार सभी आफिसर व कर्मचारियों के लिए एक जैसा हो। उन्होंने मंत्री जी से अपील की है कि आगे से उनका व्यवहार ऑफिसर व कर्मचारियों के लिए शोभनीय हो। बता दें कि फतेहपुर में कल बीडीओ अरविंद गुलेरिया दवाई खाने के लिए कुछ देर के लिए कार्यक्रम से गए थे। जब वह लौटे तो खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने बीडीओ फतेहपुर की लोगों के सामने क्लास ले ली।
- Advertisement -