- Advertisement -
शिमला। ठियोग नगर परिषद (Theog Nagar Parishad) में कांग्रेस ने 25 साल के लंबे अंतराल के बाद कब्जा जमा लिया है। नगर परिषद के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस (Congress) के विवेक थापर व उपाध्यक्ष पद पर रीना रॉय फिर से काबिज हो गए हैं। ठियोग नगर परिषद पर कांग्रेस का कब्जा होने के बाद विजय जुलूस निकाला गया। कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर (Congress President Kuldeep Rathore) भी विजय जलूस में शामिल हुए। पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने इस ऐतिहासिक जीत का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा कि सत्ता के भारी दबाव के बावजूद कार्यकर्ता टस से मस नहीं हुए, यही हमारी एकता है। उन्होंने नव निर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें क्षेत्र के लोगों की आकांक्षाओं के अनुरूप खरा उतरने के पूरे प्रयास करने होंगे।
जिला शिमला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष यशवंत सिंह छाजटा ने बताया कि नगर परिषद ठियोग में कुल 7 वार्डों में से 4 पर कांग्रेस व 3 पर निर्दलीयों ने जीत हासिल की थी। बीजेपी यहां अपना खाता भी नहीं खोल पाई। कांग्रेस के पास पूर्ण बहुमत होने के बाद से बीजेपी (BJP) यहां दबाव बना कर खरीद-फरोख्त से नगर परिषद पर कब्जा जमाने के पूरे प्रयास में थी। पर कांग्रेस पार्षदों ने अपनी एकता के साथ उनके मनसूबे पर पानी फेर दिया। इस दौरान नव निर्वाचित पार्षद अनिल ग्रोवर, नीतू मेहता के अतिरिक्त प्रदेश कांग्रेस सचिव सुशांत कपरेट, ठियोग ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेद्र कवंर, संजय शर्मा, अनिता वर्मा व मदन शर्मा भी अन्यों के अतिरिक्त विशेष तौर पर उपस्थित थे।
- Advertisement -