- Advertisement -
हिमाचल अभीअभी टीम। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी और महंगाई के खिलाफ कांग्रेस के भारत बंद का छिटपुट असर सोमवार को हिमाचल प्रदेश में भी देखने को मिला।इस दौरान कांग्रेस व माकपा ने जगह-जगह केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। हमीरपुर के नादौन चौक पर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसी नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कांग्रेसियों ने मंडी और शिमला में जबरन दुकानें बंद करवाईं। ऊना में कांग्रेसियों के जाम में एक एंबुलेंस भी फंस गई।
https://twitter.com/INCHimachal/status/1039078040330952704
शिमलाः यहां कांग्रेस के प्रदर्शन को माकपा का साथ मिला। कांग्रेस ने लोअर बाजार से केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन शुरू किया। दुकानदारों ने हालांकि सुबह दुकानें खोली थीं, लेकिन दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने दुकानें बंद करवा दी। माकपा ने विक्ट्री टनल के पास चक्काजाम किया।
हमीरपुरः गांधी चौक पर सीटू कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के साथ मिलकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। नादौन चौक पर चक्काजाम करने वाले कांग्रेसियों को पुलिस पकड़कर ले गई। हालांकि, चक्काजाम के दौरान आपातकालीन और एंबुलेस सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा।
नाहनः जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय सोलंकी के नेतृत्व में कांग्रेस ने जमकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस भवन से शुरू हुई रैली ने दिल्ली गेट के पास करीब आधा घंटा चक्का जाम रखा। इस मौके पर कांग्रेस के सैंकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मंडीः कई स्थानों पर दुकानें, संस्थान बंद रहे। हालांकि, मोतीबाजार, चौहाट्टा व महाजन बाजार को छोड़ कर बाकी स्थानों पर व्यापारिक संस्थान खुले नजर आए। प्रदेश कांग्रेस सह प्रभारी गुरकीरत सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने इंदिरा मार्केट में खुली दुकानों को जबरन बंद करने का प्रयास किया।
सोलनः शहर में कांग्रेस के बंद का बाजार पर कोई असर नही दिखा। सभी दुकानें खुली रहीं। जिला कांग्रेस ने प्रदर्शन तो किया पर विधायक कर्नल धनी राम शांडिल इसमें देरी से शामिल हुए।
ऊना: कांग्रेस का भारत बंद नाकाम रहा। शहर में दुकानें खुली रहीं। कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन में भी भीड़ नहीं जुट सकी। हालांकि, कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के चलते चंडीगढ़-धर्मशाला रोड पर जाम में एक एंबुलेंस फंस गई। काफी देर फंसे रहने के बाद एंबुलेंस को रास्ता मिला।
नूरपुरः जसूर में नूरपुर के पूर्व विधायक अजय महाजन के नेतृत्व में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया व केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
- Advertisement -