- Advertisement -
ऊना। पंजाब में फैले नशे के काले मकड़ जाल से प्रदेश का ऊना जिला भी अछूता नहीं है। हर रोज एक के बाद एक स्मैक और चरस के मामले पकड़ में आने के बाद पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया है। वहीं पुलिस ने अब इस नशे के काले कारोबार को समेटने के लिए भी विशेष मुहिम छेड़ दी है।
जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ छेड़े गए अभियान में गगरेट पुलिस को उस समय सफलता हाथ लगी, जब गगरेट पुलिस की टीम ने गांव नंगल जरियाला में चैकिंग के दौरान बाइक सवार एक युवक को 4.24 ग्राम स्मैक और 9.63 ग्राम चरस के साथ काबू किया है।
पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक गुरुवार देर रात गगरेट पुलिस ने गांव नंगल जरियाला में नाका लगाया हुआ था इसी दौरान बाइक पर आ रहे एक युवक की तलाशी ली तो उक्त युवक से नशे की खेप बरामद हुई। पकड़े गए आरोपी की पहचान ईश्वर कुमार उर्फ गौरव वासी रकड़ी हार तहसील मुकेरियां जिला होशियारपुर पंजाब के रूप में हुई है। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- Advertisement -