- Advertisement -
बिलासपुर। झंडूता विधानसभा क्षेत्र के लेहड़ गांव के जवान की दिल्ली(Delhi) में मौत हो गई है। दिल्ली के एम्स अस्पताल(AIIMS Hospital) में बीती देर रात उन्होंने आखिरी सांस ली। कुंभ मेले में ड्यूटी के दौरान घायल होने के बाद उनका दिल्ली के एम्स अस्पताल में इलाज चल रहा था।
जानकारी के अनुसार लेहड़ गांव के बीएसएफ (BSF) जवान राजेंद्र कुमार गौतम की ड्यूटी प्रयागराज में कुंभ मेले में लगी थी। इस दौरान 19 फरवरी को जब वह कुंभ मेले में सेवाएं दे रहे थे। इस दौरान एक व्यक्ति नहाते समय डूबने लगा, जिसे बचाने के लिए राजेंद्र कुमार गौतम ने अपनी जान की परवाह न करते हुए पानी में छलांग लगा दी। छलांग लगाने के दौरान उनकी गर्दन पानी के अंदर एक पौड़ी से टकरा गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें दिल्ली के एम्स अस्पताल में भेजा गया। 20 फरवरी को उनकी गर्दन का ऑपरेशन किया गया था। लेकिन 21 फरवरी की रात उनकी मृत्यु हो गई।
राजेंद्र कुमार गौतम 2004 में फौज में भर्ती हुए थे। बीएसएफ की ट्रेनिंग पूरी करने के बाद वह एनडीआरएफ में चले गए। उनकी मौत की खबर सुनते ही पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया है। उनकी मौत से उनकी पत्नी चंचला देवी और माता लीला देवी का रो रो कर बुरा हाल है। राजेंद्र कुमार की दो लड़कियां जो कि छह और डेढ़ वर्ष की हैं। राजेंद्र कुमार के शव को लेने के लिए उनका छोटा भाई दिल्ली गया है। देर रात तक राजेंद्र का शव उनके पैतृक गांव में पहुंचने की उम्मीद है।
- Advertisement -