-
Advertisement
Kangra: धूमधाम से मनाई माता श्री बज्रेश्वरी देवी की जयंती -मंदिर में काटा केक
Last Updated on February 27, 2021 by Sintu Kumar
कांगड़ा। शक्तिपीठ माता श्री बज्रेश्वरी देवी (Shri Bajreshwari Devi) की जयंती मंदिर में धूमधाम से मनाई गई। वहीं, कांगड़ा (Kangra) में भी कई जगह लंगर, हलवा व खीर का प्रसाद बांटा गया। माता की जयंती पर शक्तिपीठ माता श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर न्यास व हिमालय सेवियर्स परिवार द्वारा माता की चौकी का आयोजन किया गया। मंदिर के वरिष्ठ पुजारी पंडित राम प्रसाद शर्मा ने बताया कि माता की जयंती पर शनिवार सुबह माता का अभिषेक व विशेष पूजा-अर्चना की गई। उन्होंने बताया कि माता की जंयती पर मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया। कोरोना (Corona) काल के कारण लगभग एक वर्ष बाद मंदिर की साज सजावट विशेष रूप से की गई।
यह भी पढ़ें: श्रद्धालुओं को Youtube पर मिलेगी मां चिंतपूर्णी मंदिर के बारे जानकारी
उन्होंने बताया कि माता की जंयती के अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर में उमड़ना शुरू हो गई थी और देर शाम तक माता के दरबार में श्रद्धालु नतमस्तक होते रहे। देर शाम माता के मंदिर में 1100 दीपक भी जलाए गए व मंदिर परिसर में केक काटकर भी जन्मदिवस मनाया गया। दोपहर को ही मंदिर परिसर में माता की चौकी का आयोजन शुरू कर दिया गया था, जिसमें क्षेत्र के प्रसिद्ध गायक संजीव कुमार, यान सिंह, सौरव शर्मा, कुमार सोनू, नितीश कुमार व रिंकू बादशाह ने माता के भजन गाकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसी दौरान कांगड़ा बज्रेश्वरी में कांगड़ा गर्ल्स द्वारा मंदिर परिसर में मंदिर तहसीलदार विजय कुमार सांगा, हिमालयन सीवियर्स ग्रुप के प्रमुख हैप्पी अवस्थी व वरिष्ठ पुजारी राम प्रसाद शर्मा की मौजूदगी में कपड़ों के एक नए ब्रांड को भी लांच किया गया। दूसरी ओर माता की जयंती पर कांगड़ा के मुख्य बाजार में भी लंगर का आयोजन किया गया। दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं सहित स्थानीय लोगों ने लंगर का प्रसाद ग्रहण किया। वहीं, कांगड़ा बाजार में खीर व हलवा का भी प्रसाद बांटा गया।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group